जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ा गोविंदपुर स्थित सुभाषनगर राजेंद्र पथ में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना उस समय हुई जब घर के सभी सदस्य पारिवारिक श्राद्ध कर्म में शामिल होने के लिए बहरागोड़ा गए हुए थे।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित शिवशंकर दास अपने परिवार के साथ रिश्तेदार के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर बंद कर बहरागोड़ा गए थे। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के मुख्य दरवाजे और अंदर की अलमारी टूटी हुई है। घर का सामान बिखरा पड़ा था और नगद रुपये के साथ सोना-चांदी के जेवरात तथा कीमती बर्तन गायब थे।


पीड़ित परिवार के मुताबिक, चोर घर से लगभग 10 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति लेकर फरार हो गए। घटना के बाद परिवार के सदस्यों में दहशत और चिंता का माहौल है।
शिवशंकर दास ने इस मामले में परसुडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए पुलिस से जल्द जांच कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि चोरी की इस बड़ी घटना से पूरा परिवार मानसिक रूप से परेशान है और वर्षों की जमा पूंजी एक ही रात में चली गई।
इधर सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।


अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहें।
ताजा और विश्वसनीय खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल को Like, Follow और Subscribe करें।
साथ ही विजिट करें — joharnewstimes.com
