नर्सिंग होम में किशोर की मौत का मामला: 8 दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं, पिता ने SSP से लगाई न्याय की गुहार

Johar News Times
2 Min Read

जमशेदपुर: मानगो नर्सिंग होम में इलाज के दौरान 16 वर्षीय किशोर रियान आलम की मौत के मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी न होने पर पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मृतक के पिता महमूद आलम ने शनिवार (4 अप्रैल) को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को पत्र लिखकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और जांच में हो रही देरी पर सवाल उठाए हैं।

- Advertisement -
Ad image

गंभीर धाराओं के बावजूद पुलिस मौन

महमूद आलम ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि पारसुडिह थाना कांड संख्या 27/2026 के तहत डॉ. अशरफ बदर और डॉ. अजय प्रसाद के खिलाफ धारा 103(1) (हत्या) जैसी संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके बावजूद, घटना के 8 दिन बीत जाने के बाद भी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि संज्ञेय अपराध होने के बाद भी पुलिस ठोस कार्रवाई करने से क्यों कतरा रही है।

क्षेत्राधिकार (Jurisdiction) पर उठाए सवाल

पीड़ित पिता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक और गंभीर प्रश्न खड़ा किया है। उन्होंने एसएसपी से पूछा है कि:

  • मृतक किशोर और उसका परिवार मानगो थाना क्षेत्र का निवासी है।
  • जिस नर्सिंग होम में घटना हुई, वह भी मानगो थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
  • ऐसे में मामले को मानगो के बजाय पारसुडिह थाना में क्यों दर्ज किया गया?

त्वरित कार्रवाई की मांग

महमूद आलम ने एसएसपी से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि क्षेत्राधिकार को बदलकर केस पारसुडिह क्यों भेजा गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि जांच में देरी कर आरोपियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और परिवार को सुरक्षा व न्याय दिलाने की अपील की है।

इस मामले ने अब तूल पकड़ना शुरू कर दिया है, जिससे स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं और पुलिस की तत्परता पर सवालिया निशान लग रहे हैं।

- Advertisement -
Ad image
Share This Article