जमशेदपुर: वैश्विक स्तर पर शैक्षणिक सहयोग को मजबूत करने की दिशा में श्रीनाथ यूनिवर्सिटी ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय ने मलेशिया के स्पेक्ट्रम इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी कॉलेज के साथ एक प्रतिष्ठित समझौता (एमओयू) किया है। इस समझौते को विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीयकरण और वैश्विक शैक्षणिक विस्तार की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
मलेशिया में आयोजित औपचारिक समारोह के दौरान श्रीनाथ यूनिवर्सिटी के डायरेक्टर (इंटरनेशनल अफेयर्स) डॉ. जे. राजेश और स्पेक्ट्रम इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी कॉलेज के डिप्टी वाइस चांसलर (एकेडमिक) प्रो. डॉ. जमाल जैदी ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। समारोह में दोनों संस्थानों के वरिष्ठ शिक्षाविद और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। श्रीनाथ यूनिवर्सिटी की ओर से डॉ. जे. राजेश और स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग के विभागाध्यक्ष शशिकांत सिंह विशेष रूप से जमशेदपुर से मलेशिया पहुंचे थे।
इस समझौते के तहत दोनों संस्थान स्टूडेंट एक्सचेंज, फैकल्टी एक्सचेंज, ग्लोबल इमर्शन प्रोग्राम, एक सेमेस्टर विदेश में अध्ययन, संयुक्त शोध परियोजनाएं, अकादमिक सहयोग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान जैसे क्षेत्रों में मिलकर कार्य करेंगे। इसके जरिए छात्रों को अंतरराष्ट्रीय शिक्षा प्रणाली को समझने, विभिन्न संस्कृतियों से परिचित होने और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए खुद को तैयार करने का अवसर मिलेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह साझेदारी छात्रों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण में भी अहम भूमिका निभाएगी। वहीं शिक्षकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शोध, शिक्षण और ज्ञान के आदान-प्रदान का मंच मिलेगा, जिससे नवाचार और शैक्षणिक गुणवत्ता को बढ़ावा मिलेगा।
विश्वविद्यालय ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में अंतरराष्ट्रीय सहयोग उच्च शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। इसी सोच के साथ श्रीनाथ यूनिवर्सिटी लगातार विश्वस्तरीय संस्थानों के साथ साझेदारी स्थापित कर रही है। आने वाले समय में इस सहयोग के तहत संयुक्त सेमिनार, कार्यशालाएं, अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, शोध प्रकाशन और उद्योग-अकादमिक सहयोग जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। विश्वविद्यालय प्रबंधन का मानना है कि यह एमओयू श्रीनाथ यूनिवर्सिटी की वैश्विक पहचान को और मजबूत करेगा तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए अंतरराष्ट्रीय अवसरों के नए द्वार खोलेगा।
