चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर देर रात पहुंचे एसडीपीओ, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं का लिया जायजा

चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर देर रात पहुंचे एसडीपीओ, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं का लिया जायजा

Johar News Times
2 Min Read

चाईबासा/चक्रधरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात एसडीपीओ डॉ. सैयद मुस्तफा हासमी ने औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों, महिलाओं और आम लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा यात्रा संबंधी जानकारी प्राप्त की।

एसडीपीओ ने रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी थाना पहुंचकर थाना प्रभारी सोहेल खान से स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्टेशन परिसर में लगातार सतर्कता बनाए रखने और मानव तस्करी जैसी घटनाओं पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ ने ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों से भी संवाद किया और स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने यात्रियों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।

हाल के दिनों में रोजगार दिलाने के नाम पर नाबालिग बच्चों और युवतियों की दूसरे राज्यों में तस्करी के कई मामले सामने आए हैं। चक्रधरपुर थाना पुलिस और जीआरपी की सक्रियता से अब तक कई नाबालिग बच्चियों का रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित सीडब्ल्यूसी चाईबासा के सुपुर्द किया जा चुका है। वहीं हाल ही में सात युवतियों को संभावित शोषण और प्रताड़ना की जानकारी देकर सुरक्षित उनके घर भेजा गया था।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में लगातार निगरानी अभियान चलाया जाएगा ताकि मानव तस्करी और अपराध पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट joharnewstimes.com को लाइक और सब्सक्राइब करें।

Share This Article