झारखंड की राजधानी रांची के रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल को नशा तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। आरपीएफ ने ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत मुस्तैदी दिखाते हुए करीब 30.50 लाख रुपये मूल्य का 61 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में पुलिस ने बिहार के बक्सर जिले के रहने वाले तीन शातिर तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरपीएफ फ्लाइंग टीम, आरपीएफ पोस्ट रांची और क्राइम ब्रांच रांची की संयुक्त टीम स्टेशन परिसर और ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संबलपुर-जम्मू तवी एक्सप्रेस (18309) के थर्ड एसी कोच में तीन संदिग्ध युवक भारी-भरकम बैगों के साथ नजर आए।
जब सुरक्षाबलों ने कड़ाई से पूछताछ की, तो तस्करों ने कबूल किया कि उनके पास मौजूद 4 ट्रॉली बैग और 3 पिट्ठू बैगों में गांजा भरा हुआ है। इसके बाद तीनों को सामान समेत नामकुम रेलवे स्टेशन पर उतारकर तलाशी ली गई, जहां से 61 पैकेट गांजा और 3 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पकड़े गए तीनों आरोपी कम उम्र के हैं और बिहार के बक्सर जिले के रहने वाले हैं:
- आयुष सिंह
- प्रिंस कुमार
- अंकित पाठक
सहायक सुरक्षा आयुक्त प्रताप सिंह नेगी के निर्देश पर जब ड्रग डिटेक्शन किट से पदार्थ की जांच की गई, तो उसके गांजा होने की पुष्टि हुई। आरपीएफ ने जब्त सामान और तीनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची को सौंप दिया है।
इतनी बड़ी मात्रा में गांजा की खेप उड़ीसा की तरफ से बिहार या अन्य राज्यों में खपाने के लिए ले जाई जा रही थी। फिलहाल पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी नेटवर्क के पीछे का मास्टरमाइंड कौन है और यह खेप कहाँ पहुंचाई जानी थी।
