क्षेत्र में चोरी और लूट जैसी आपराधिक घटनाओं को जड़ से मिटाने के लिए राजनगर पुलिस अब ‘एक्शन मोड’ में है। मंगलवार को थाना परिसर में थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा की अध्यक्षता में व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में स्वर्ण व्यवसायियों से लेकर पेट्रोल पंप संचालकों तक ने हिस्सा लिया और सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों पर चर्चा की।
थाना प्रभारी ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार “मिशन जागरूक” अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण के लिए केवल पुलिस की गश्त काफी नहीं है, बल्कि व्यापारियों की सतर्कता भी उतनी ही जरूरी है।
व्यापारियों को दी गई ये विशेष सलाह:
- सभी प्रतिष्ठानों में हाई-क्वालिटी CCTV कैमरे लगाने और कम से कम 30 दिनों का बैकअप रखने का निर्देश दिया गया।
- दुकान बढ़ाते समय गहने और नकद जैसे कीमती सामानों को असुरक्षित छोड़ने के बजाय उन्हें सुरक्षित लॉकर में रखने की सलाह दी गई।
- किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि को देखते ही तुरंत पुलिस को सूचित करने को कहा गया।
बाजारों में बढ़ेगी पुलिस गश्त
बैठक के दौरान व्यापारियों ने सुरक्षा को लेकर अपनी चिंताएं भी साझा कीं और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग रखी। थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने भरोसा दिलाया कि बाजार क्षेत्रों में गश्त तेज की जाएगी और व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है।
व्यापारियों ने भी पुलिस के इस कदम की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com








