खरसावां के राजकीय प्लस टू हाई स्कूल में पुलिस का जागरूकता अभियान, छात्र-छात्राओं को बताए कानूनी अधिकार

खरसावां के राजकीय प्लस टू हाई स्कूल में पुलिस का जागरूकता अभियान, छात्र-छात्राओं को बताए कानूनी अधिकार

Johar News Times
2 Min Read

खरसावां स्थित राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय में पुलिस प्रशासन की ओर से जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी गौरव कुमार ने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों और सुरक्षा संबंधी विषयों की जानकारी दी।

अभियान के दौरान महिला सुरक्षा, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह निषेध कानून, नशा मुक्ति और महिलाओं के अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही छात्राओं को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, डायल-112 और साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए टोल फ्री नंबर 1930 की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने बच्चा चोरी जैसी अफवाहों से सतर्क रहने की अपील भी की।

थाना प्रभारी गौरव कुमार ने सड़क सुरक्षा और गुड सेमेरिटन कानून के बारे में भी जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने वालों को कानूनी संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने छात्राओं और शिक्षिकाओं से सोशल मीडिया का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करने, समय प्रबंधन पर ध्यान देने और भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। थाना प्रभारी ने खरसावां थाना का मोबाइल नंबर भी साझा किया और किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधान शिक्षिका मंजु कुमारी हेंब्रम सहित सभी शिक्षक उपस्थित रहे।

अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article