JTET में मगही, भोजपुरी और अंगिका को शामिल करने पर मंथन, मंत्रियों की कमेटी की पहली बैठक आज

JTET में मगही, भोजपुरी और अंगिका को शामिल करने पर मंथन, मंत्रियों की कमेटी की पहली बैठक आज

Johar News Times
2 Min Read

झारखंड में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) की क्षेत्रीय भाषाओं की सूची में मगही, भोजपुरी और अंगिका को शामिल करने के मुद्दे पर सोमवार को महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। इस संबंध में गठित मंत्रियों की उच्च स्तरीय कमेटी की पहली बैठक मंत्रिपरिषद कक्ष में आयोजित होगी। इस कमेटी का संयोजन वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर कर रहे हैं। समिति में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, सुदिव्य कुमार, योगेंद्र प्रसाद और संजय प्रसाद यादव भी शामिल हैं। बैठक में कार्मिक विभाग तथा स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

बैठक में अधिकारियों से यह पूछा जाएगा कि वर्ष 2012 की नियमावली में मगही, भोजपुरी और अंगिका को किस आधार पर क्षेत्रीय भाषाओं की सूची में शामिल किया गया था। साथ ही यह भी जानकारी ली जाएगी कि इस वर्ष लागू नई नियमावली में इन भाषाओं को किस कारण शामिल नहीं किया गया। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को इस संबंध में सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा गया है। वहीं कार्मिक विभाग से भाषा आधारित जिलावार आबादी का विवरण मांगा गया है, ताकि भाषाई आधार पर स्थिति स्पष्ट हो सके।

बताया जा रहा है कि जब नई नियमावली को मंजूरी देने का प्रस्ताव कैबिनेट में लाया गया था, तब मंत्री राधाकृष्ण किशोर और दीपिका पांडेय सिंह ने मगही, भोजपुरी और अंगिका को क्षेत्रीय भाषाओं की सूची में शामिल करने की मांग उठाई थी। इसके बाद इस पूरे मुद्दे पर निर्णय लेने के लिए मंत्रियों की विशेष कमेटी गठित की गई। हालांकि, कैबिनेट से स्वीकृति मिलने के बाद JTET की नई नियमावली अधिसूचित हो चुकी है, लेकिन अब इस बैठक के बाद इन भाषाओं को शामिल करने को लेकर आगे की दिशा तय हो सकती है।

अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article