लोक भवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल दिलाएंगे शपथ, विस्तार के बाद मंत्रिपरिषद की संख्या बढ़कर 41 होने की संभावना
कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज एक महत्वपूर्ण दिन माना जा रहा है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार का पहला बड़ा मंत्रिमंडल विस्तार सोमवार को होने जा रहा है। लोक भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में 35 नए मंत्रियों को मंत्रिपद की शपथ दिलाई जाएगी। राज्यपाल आर.एन. रवि सुबह 11 बजे से आयोजित कार्यक्रम में नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इस विस्तार के बाद राज्य मंत्रिपरिषद की कुल संख्या बढ़कर 41 हो जाएगी। इससे पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने 9 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, निशीथ प्रमाणिक, अशोक कीर्तनिया और क्षुदीराम टुडू ने मंत्री पद संभाला था।
सूत्रों के अनुसार, मंत्रिमंडल विस्तार में विभिन्न सामाजिक और क्षेत्रीय वर्गों को प्रतिनिधित्व देने पर विशेष जोर दिया गया है। भाजपा नेतृत्व राज्य के अलग-अलग समुदायों और क्षेत्रों के बीच संतुलन साधने की रणनीति पर काम कर रहा है। माना जा रहा है कि ब्राह्मण, ओबीसी, आदिवासी, मतुआ और राजबंशी समुदायों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार पश्चिम बंगाल विधानसभा की कुल सदस्य संख्या के 15 प्रतिशत तक ही मंत्रियों की नियुक्ति की जा सकती है। 294 सदस्यीय विधानसभा के आधार पर राज्य में अधिकतम 44 मंत्री बनाए जा सकते हैं। मौजूदा विस्तार के बाद भी मंत्रिमंडल में कुछ पद रिक्त रह सकते हैं।

राजनीतिक गलियारों में कई चर्चित चेहरों के मंत्रिमंडल में शामिल होने की अटकलें भी तेज हैं। इनमें पूर्व सांसद एवं अभिनेत्री रूपा गांगुली, अभिनेता से नेता बने रूद्रनील दासगुप्ता समेत कई वरिष्ठ नेताओं के नाम चर्चा में हैं। हालांकि सरकार की ओर से अंतिम सूची जारी नहीं की गई है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गृह और वित्त जैसे महत्वपूर्ण विभाग अपने पास रखे हैं। वहीं अन्य मंत्रियों को पहले ही विभिन्न विभागों की जिम्मेदारी सौंपी जा चुकी है। आज का मंत्रिमंडल विस्तार राज्य की नई सरकार के प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
