चक्रधरपुर में नशे के कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार

चक्रधरपुर में नशे के कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार

Johar News Times
2 Min Read

गुप्त सूचना पर असलम चौक में छापेमारी, संदिग्ध बाइक भी जब्त,

चाईबासा/चक्रधरपुर, 17 जून। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास मौजूद एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 जून की रात करीब 10:55 बजे वरीय अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि चक्रधरपुर के असलम चौक क्षेत्र में एक युवक मोटरसाइकिल संख्या JH05CP-6025 पर बैठकर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया और कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

छापेमारी दल जब असलम चौक पहुंचा तो बताए गए हुलिये के अनुसार एक युवक मोटरसाइकिल पर बैठा दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखते ही युवक ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण उसे घेरकर पकड़ लिया गया। इसके बाद युवक और उसकी बाइक को कब्जे में लेकर थाना लाया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की तलाशी के दौरान उसके पास से ब्राउन शुगर बरामद की गई। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। मामले की जांच के लिए सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चक्रधरपुर भी मौके पर पहुंचे और पूरी कार्रवाई की निगरानी की।

प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस आरोपी के नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य संभावित सहयोगियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share This Article