घाटशिला: भारतीय जनता पार्टी पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई द्वारा महान राष्ट्रवादी चिंतक और भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस के अवसर पर घाटशिला में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। जिला अध्यक्ष सत्या तिवारी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जिला पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों ने हिस्सा लिया और संगठन की मजबूती तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की।
शुरू हुआ विशेष अभियान, बूथ स्तर तक जाएंगे कार्यकर्ता
बैठक का विधिवत शुभारंभ भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का पूरा जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए समर्पित रहा।
उन्होंने घोषणा की कि पार्टी द्वारा 23 जून से 6 जुलाई 2026 तक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए उनके विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को समाज के हर वर्ग और जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
26 जून तक डिजिटल ट्रेनिंग पूरी करने का लक्ष्य
बैठक में संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा करते हुए कई अहम निर्देश दिए गए:
- ‘दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026’ के तहत आगामी 26 जून तक कोल्हान क्षेत्र के सभी कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपना प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से पूरा करना है।
- संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने के लिए इसी महीने के भीतर सभी मंडलों में मंडल समिति का गठन पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
पूर्वी सिंहभूम आएंगे भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही
जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि प्रदेश पदाधिकारी प्रवास कार्यक्रम के तहत भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री भानु प्रताप शाही इसी महीने पूर्वी सिंहभूम जिले के 24 घंटे के विशेष प्रवास पर आ रहे हैं। अपने प्रवास के दौरान वे:
- जिला स्तरीय आधिकारिक बैठक और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद करेंगे।
- मंडल एवं शक्ति केंद्रों की समीक्षा बैठक का हिस्सा बनेंगे।
- ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर आम जनता के साथ ‘चाय पर चर्चा’ करेंगे और सरकारी नीतियों पर फीडबैक लेंगे।
“भाजपा के निष्ठावान कार्यकर्ता ही संगठन की असली पूंजी और सबसे बड़ी शक्ति हैं। संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा के साथ बूथ स्तर तक काम करना होगा।” – सत्या तिवारी, जिला अध्यक्ष
घाटशिला में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में देवदत्त साव, हेमंत नारायण देब, रोहित सिंह परमार, ज्योत्सना मयी बेरा, गीता मुर्मू, राहुल पाण्डे, कृष्णा शर्मा, गौर चन्द्र पात्र, राजाराम महतो, रंगलाल महतो, चन्दना मुर्मू, कृष्णा पाल, दीपक दण्डपात, ब्रजेश सिंह, मोन्टु कुमार सिंह, सुजन मान्ना, राजकुमार कर, कमलकान्त सिंह, शुभेन्दु पात्र, महादेव महतो, गुरूचरण मार्डी, अमरदीप शर्मा, तनुश्री नन्दा, जयन्त घोष, अशोक पासवान, विजय पाण्डेय, संजय महाकुड़, दीपू अधिकारी और मनोज कुमार समेत कोल्हान क्षेत्र के सैकड़ों सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित थे।
