जमशेदपुर: शहर के प्रतिष्ठित जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज में आज उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब कॉलेज के मुख्य द्वार का छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। यह हादसा A ब्लॉक के मुख्य प्रवेश द्वार पर हुआ, जो कॉलेज का सबसे व्यस्त हिस्सा माना जाता है। गनीमत यह रही कि जिस वक्त छज्जा गिरा, उस समय वहां से कोई छात्र नहीं गुजर रहा था, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

क्लास के दौरान मची दहशत घटना उस समय हुई जब कॉलेज में नियमित कक्षाएं चल रही थीं। अचानक हुई तेज आवाज से पूरा परिसर गूंज उठा। आवाज सुनते ही क्लास रूम से छात्र और कर्मचारी बाहर निकल आए। मौके पर मलबे को देख छात्रों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ छात्र वहां से गुजरने ही वाले थे कि तभी छज्जा गिर गया, वे बाल-बाल बच गए।
प्रबंधन की लापरवाही पर उठे सवाल प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, इस छज्जे की स्थिति काफी समय से जर्जर थी। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन को इसकी जानकारी होने के बावजूद मरम्मत कार्य नहीं कराया गया। इस लापरवाही ने अब प्रबंधन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों और छात्रों ने मांग की है कि कॉलेज के अन्य जर्जर हिस्सों की भी तत्काल जांच और मरम्मत कराई जाए ताकि भविष्य में किसी की जान जोखिम में न पड़े।
प्रशासनिक कार्रवाई हादसे की सूचना मिलते ही कॉलेज प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल उस हिस्से को घेर दिया गया है और अन्य भवनों की सुरक्षा जांच के निर्देश दिए गए हैं।
हर अपडेट के लिए जुड़े रहें — हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट पोर्टल को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com


















