धनबाद: बंद कोयला खदान में डूबी छात्रा का शव 5वें दिन मिला, नहाने के दौरान हुआ हादसा

Johar News Times
2 Min Read

झारखंड के धनबाद जिले के चिरकुंडा थाना क्षेत्र में बंद पड़ी कोयला खदान में डूबी 13 वर्षीय किशोरी रंपा बाउरी का शव घटना के पांचवें दिन बरामद किया गया। यह हादसा उत्तर पंचायत के बाउरी टोला स्थित ईसीएल की एक बंद खदान में हुआ, जहां पानी भरा हुआ था।

नहाने गई थी किशोरी, गहरे पानी में डूबी

- Advertisement -
Ad image

जानकारी के अनुसार, रंपा बाउरी 28 अप्रैल को खदान में भरे पानी में नहाने गई थी। इसी दौरान वह गहरे पानी में चली गई और डूबकर लापता हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और खदान में उतरकर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

गोताखोर और NDRF की टीम भी रही नाकाम

अगले दिन स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया, जिन्होंने घंटों तक पानी में खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने कई दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया, फिर भी किशोरी का पता नहीं चल पाया।

5वें दिन पानी में उपलाता मिला शव
घटना के पांचवें दिन अचानक रंपा का शव खदान के पानी में उपलाता हुआ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों और परिजनों ने शव को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेज दिया।

- Advertisement -
Ad image

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बंद पड़ी खदानों में सुरक्षा व्यवस्था की कमी पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि ऐसी खदानों में अक्सर लोग नहाने जाते हैं, जिससे इस तरह के हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से इन खदानों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

Share This Article