गुमला, जिले के सिलम स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के निर्माणाधीन भवन में बुधवार को हुए दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान दुमका जिले के जशपहाड़ी निवासी 38 वर्षीय मनोज देहरी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मनोज देहरी विद्यालय के तीन मंजिला भवन में निर्माण कार्य कर रहे थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वे ऊंचाई से नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। सहकर्मियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूरों में आक्रोश है। श्रमिकों का आरोप है कि निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। ऊंचाई पर काम करने वाले मजदूरों को न तो सेफ्टी बेल्ट उपलब्ध कराई गई थी और न ही अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरण दिए गए थे। मजदूरों का कहना है कि उन्होंने कई बार सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की, लेकिन इस दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
ठेकेदार और श्रम कानूनों के पालन पर सवाल
जानकारी के मुताबिक विद्यालय निर्माण का कार्य एक मुंबई स्थित कंपनी को आवंटित किया गया है, जबकि निर्माण कार्य बंगाल के ठेकेदारों के माध्यम से कराया जा रहा है। ऐसे में श्रमिकों के पंजीकरण, बीमा, सुरक्षा और श्रम कानूनों के अनुपालन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। श्रम विभाग के नियमों के अनुसार कार्यस्थल पर किसी दुर्घटना की सूचना संबंधित विभाग को देना और उसकी जांच कराना अनिवार्य है।
उच्चस्तरीय जांच की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों और श्रमिक संगठनों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की समीक्षा करने की मांग की है। वहीं हादसे के बाद निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूरों में भय का माहौल बना हुआ है।
