गुवा/चाईबासा, सेल प्रबंधन द्वारा बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू किए जाने के फैसले के विरोध में संयुक्त यूनियन ने आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में शुक्रवार देर शाम झारखंड मजदूर संघर्ष संघ कार्यालय में केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
शाम 5 बजे होगा विरोध-प्रदर्शन
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शनिवार शाम 5 बजे गुवा स्थित सेल के जनरल ऑफिस के समक्ष प्रबंधन का पुतला दहन कर विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। यूनियन नेताओं ने बताया कि कार्यक्रम में संयुक्त यूनियन के पदाधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में सेलकर्मी और ठेका मजदूर शामिल होंगे। यूनियन का आरोप है कि बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली को लेकर कर्मचारियों में व्यापक असंतोष है, लेकिन प्रबंधन उनकी आपत्तियों को नजरअंदाज कर इसे लागू करने की कोशिश कर रहा है।
न्यायालय के आदेश का हवाला
बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने कहा कि बायोमेट्रिक व्यवस्था से जुड़ा मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने दावा किया कि अदालत ने 15 जून तक यथास्थिति बनाए रखने का निर्देश दिया है। ऐसे में अंतिम निर्णय से पहले बायोमेट्रिक प्रणाली लागू करने का प्रयास न्यायालय की अवमानना और संविधान की भावना के विपरीत है। उन्होंने कहा कि संयुक्त यूनियन न्यायपालिका का सम्मान करती है और 15 जून को आने वाले न्यायालय के फैसले को स्वीकार करेगी। हालांकि तब तक बायोमेट्रिक व्यवस्था लागू करने के किसी भी प्रयास का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रहेगा।
