धनबाद कोल वॉशरी में बड़ा हादसा: कोयला पाउडर के मलबे में दबे कई मजदूर, तीन के शव बरामद, रेस्क्यू जारी

Johar News Times
2 Min Read

धनबाद: कोयलांचल के मुनीडीह ओपी क्षेत्र स्थित बीसीसीएल (BCCL) के कोल वॉशरी प्रोजेक्ट में शनिवार को एक हृदयविदारक घटना घटी। ट्रक में कोयला पाउडर की लोडिंग के दौरान अचानक मलबे के धंसने से कई मजदूर उसकी चपेट में आ गए। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई और वॉशरी में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। अब तक इस हादसे में तीन मजदूरों की मौत की खबर है, जिनके शव मलबे से निकाल लिए गए हैं।

मलबे में दबे होने की आशंका, जेसीबी से रेस्क्यू

हादसे के वक्त कई मजदूर वहां काम कर रहे थे, जिसके कारण मलबे में अभी भी कुछ और लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने तत्काल जेसीबी मशीनों को राहत कार्य में लगाया है। मलबे को तेजी से हटाया जा रहा है ताकि अगर कोई अंदर फंसा हो, तो उसे समय रहते निकाला जा सके।

- Advertisement -
Ad image

भारी संख्या में पुलिस और सीआईएसएफ तैनात

घटना की सूचना मिलते ही मुनीडीह पुलिस और सीआईएसएफ (CISF) के जवान मौके पर पहुंचे। भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण भी बचाव कार्य में सहयोग कर रहे हैं। हालांकि, अभी तक प्रबंधन या जिला प्रशासन की ओर से मृतकों की कुल संख्या और घायलों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है।


घटनास्थल से हर पल की जानकारी के लिए जुड़े रहें — हमारे न्यूज़ चैनल और वेबसाइट पोर्टल को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com

Share This Article