चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में नीट (यूजी) परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से ‘अलर्ट मोड’ पर है। परीक्षा के शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने शनिवार को शहर के विभिन्न होटलों, लॉजों और गेस्ट हाउसों में सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस अचानक हुई कार्रवाई से होटल संचालकों और ठहरने वाले बाहरी लोगों के बीच हड़कंप मच गया।

रजिस्टर और सीसीटीवी की सघन जांच
एसडीओ संदीप अनुराग टोपनो और एसडीपीओ बहामन टूटी के नेतृत्व में निकली टीम ने होटलों के एंट्री रजिस्टर की बारीकी से जांच की। प्रशासन ने पिछले कुछ दिनों में ठहरे लोगों का विवरण खंगाला और संदिग्धों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की। अधिकारियों का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की सेटिंग या अनियमितता को अंजाम देने के लिए कोई बाहरी संदिग्ध व्यक्ति शहर में डेरा न डाले।

होटल संचालकों को सख्त चेतावनी
अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार और सदर थाना प्रभारी सहित भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अधिकारियों ने संचालकों को कड़े निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बिना वैध पहचान पत्र (ID Proof) के किसी को भी कमरा न दें और हर आगंतुक की जानकारी तत्काल रजिस्टर में दर्ज करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति के ठहरने पर तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करने का आदेश दिया गया है।
सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए हमेशा हमारे साथ बने रहें — हमारे न्यूज़ चैनल और वेबसाइट पोर्टल को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com










