जमशेदपुर/कोल्हान: “जोहार इस पावन धरती को, जोहार इस मिट्टी की खुशबू को, जोहार हर उस आवाज को जो सच के लिए उड़ती है।” जंगल की सरसराहट से लेकर शहर की हलचल और गांव की चौपाल से लेकर विकास की हर राह तक—जनता की समस्याओं और कोल्हान की अपनी पहचान के साथ मैं हूँ रंजना। आइए नजर डालते हैं आज की प्रमुख खबरों पर।
चाईबासा: नगरपालिका चुनाव की मतगणना 27 को, डीसी ने किया निरीक्षण
पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा और चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र में मतदान संपन्न होने के बाद अब सबकी नजरें मतगणना पर हैं। उपायुक्त (डीसी) ने महिला कॉलेज, चाईबासा स्थित मतगणना परिसर और स्ट्रॉन्ग रूम का निरीक्षण किया। राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पीठासीन पदाधिकारियों की डायरी और प्रपत्रों का मिलान किया जा रहा है। 27 फरवरी 2026 को मतगणना की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
जमशेदपुर: ईवीएम वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता
पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त ने कीताड़ी स्थित ईवीएम वेयर हाउस का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली और रिकॉर्ड संधारण की समीक्षा की गई। डीसी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग के मानकों का अक्षरशः पालन किया जाए ताकि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा बनी रहे।
बागुनहातू में तीन दिवसीय बाल मेला का भव्य समापन
जमशेदपुर के बागुनहातू में प्रसाद चतुर्भुज फाउंडेशन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय बाल मेला संपन्न हो गया। समापन समारोह में बच्चों के लिए योग और मैराथन जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। फाउंडेशन के संस्थापक अनुभव कुमार ने बताया कि संस्था बच्चों के सर्वांगीण विकास और उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत है।
गुवा: राजबुरु खदान के समक्ष ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना
स्थानीय लोगों को रोजगार देने की मांग को लेकर सारंडा के 10 गांवों के हजारों ग्रामीणों ने गुवा सेल (SAIL) की राजबुरु खदान को अनिश्चितकालीन समय के लिए बंद करा दिया है। सारंडा विकास समिति के बैनर तले चल रहे इस आंदोलन में ग्रामीणों ने ‘ठेकेदार की मनमानी नहीं चलेगी’ के नारे लगाए। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, धरना जारी रहेगा।
28 फरवरी को साक्षी में ‘होली मेगा कार्निवल’ की धूम
लौहनगरी जमशेदपुर में होली का उत्साह चरम पर है। 28 फरवरी को साक्षी के बोधी मैदान में रिफ्लेक्शन नेटवर्क इवेंट के बैनर तले ‘होली मेगा कार्निवल 2026’ का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में भोजपुरी फिल्म जगत की चर्चित कलाकार क्वीन शालिनी और खुशी तिवारी अपनी प्रस्तुतियों से शहरवासियों का मनोरंजन करेंगी।
कोल्हान के विधायकों ने सराहा झारखंड बजट
झारखंड विधानसभा में प्रस्तुत वित्त वर्ष 2026-27 के बजट को कोल्हान के विधायकों ने ‘अबुआ दिशुम बजट’ करार दिया है। विधायक मंगल कालिंदी, संजीव सरदार, समीर महंती और सोमेश चंद्र सोरेन ने इसकी सराहना करते हुए कहा कि यह बजट गांव, गरीब, किसान और आदिवासियों के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। संजीव सरदार ने इसे ‘शिबू सोरेन के सपनों का झारखंड’ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।
साकची: मवेशी लदे ट्रक को लेकर हंगामा और तोड़फोड़
जमशेदपुर के साकची स्थित जेएनएससी चौक पर मवेशी लदे एक ट्रक को रोकने को लेकर भारी बवाल हुआ। हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मवेशी तस्करी की आशंका में ट्रक को रोका, जिसके बाद ट्रक मालिक और कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट शुरू हो गई। आक्रोशित भीड़ ने ट्रक के शीशे तोड़ दिए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और ट्रक को जांच के लिए थाने भेज दिया है।
सांसद विद्युत वरण महतो ने पोटका में पांच योजनाओं का किया शिलान्यास
जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने पोटका प्रखंड में सांसद निधि से पांच विकास योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। इनमें हल्दीपोखर साहूपाड़ा में पीसीसी पथ निर्माण, तेतला में सामुदायिक भवन और विभिन्न पंचायतों में श्मशान घाट व क्लब भवन का निर्माण शामिल है। सांसद ने कहा कि ग्रामीणों की मांग और प्राथमिकता के आधार पर इन योजनाओं का चयन किया गया है।
सीतारामडेरा: बीमारी से तंग आकर रिटायर्ड प्रोफेसर और भाई ने दी जान
जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। कोऑपरेटिव कॉलेज की सेवानिवृत्त जूलॉजी प्रोफेसर डॉ. सरस्वती सरकार और उनके भाई विवेकानंद सरकार ने एक ही फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने तीन दिन पुराने शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि दोनों अविवाहित थे और लंबे समय से बीमारी व एकाकीपन से जूझ रहे थे।











