बहरागोड़ा में संदिग्ध जिंदा बम मिलने से दहशत
जमशेदपुर के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में सुवर्णरेखा नदी किनारे संदिग्ध विस्फोटक मिलने से दहशत फैल गई है। ग्रामीणों की सूचना पर सेना की विशेष टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में इसे “जिंदा बम” होने की आशंका जताई गई है।
फिलहाल इसकी स्थिति और क्षमता का आकलन किया जा रहा है। रिपोर्ट के बाद ही इसे निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू होगी। प्रशासन ने इलाके को घेरकर सुरक्षा बढ़ा दी है। लोगों को बम से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई है।
हो भाषा अकादमी गठन की मांग, साहित्यकारों ने उठाई आवाज
कोल्हान क्षेत्र में हो भाषा के साहित्यकारों और बुद्धिजीवियों की बैठक में भाषा व साहित्य के संरक्षण को लेकर चर्चा हुई। बैठक में ‘हो भाषा अकादमी’ के गठन और स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति की मांग उठी।
वक्ताओं ने कहा कि द्वितीय राजभाषा होने के बावजूद इसकी स्थिति चिंताजनक है। साथ ही, इसे संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग की गई। राष्ट्रीय स्तर पर ‘हो साहित्य पुरस्कार’ शुरू करने और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने का भी निर्णय लिया गया।
घाटशिला कॉलेज के लिए महिला छात्रावास निर्माण की मांग तेज
घाटशिला कॉलेज में महिला छात्रावास की कमी को लेकर प्राचार्य डॉ. आर.के. चौधरी ने विधायक सोमेश चंद्र सोरेन से मुलाकात कर निर्माण की मांग की। उन्होंने बताया कि कॉलेज में करीब 7000 छात्राएं पढ़ती हैं, जिनमें कई दूरदराज़ इलाकों से आकर किराए या रिश्तेदारों के यहां रहकर पढ़ाई करती हैं, जिससे उन्हें काफी दिक्कतें होती हैं।

200 बेड के छात्रावास का प्रस्ताव पहले ही भेजा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर विधायक ने आश्वासन दिया कि जल्द ही महिला छात्रावास का निर्माण कराया जाएगा और पूर्व विधायक रामदास सोरेन का सपना पूरा किया जाएगा।
चाईबासा ब्लड बैंक केस में आरोपी लैब टेक्नीशियन मनोज कुमार गिरफ्तार
चाईबासा सदर अस्पताल के ब्लड बैंक से पांच बच्चों को संक्रमित खून चढ़ाने के मामले में आरोपी लैब टेक्नीशियन मनोज कुमार को पुलिस ने रांची से गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़ित परिवार की शिकायत पर दर्ज एफआईआर और झारखंड हाईकोर्ट से जारी गिरफ्तारी वारंट के बाद यह कार्रवाई की गई। आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था, जिसे अब पकड़कर पुलिस आगे की पूछताछ कर रही है।
सरायकेला-खरसावां की नई एसपी बनी निधि द्विवेदी, सख्ती के संकेत
सरायकेला-खरसावां जिले की नई एसपी निधि द्विवेदी ने रविवार को पदभार संभाल लिया, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही।
उन्होंने कहा कि आम जनता की सुरक्षा उनकी पहली जिम्मेदारी है और पुलिस-जन सहयोग से ही अपराध पर नियंत्रण संभव है। साथ ही महिलाओं से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और पुलिस टीम को जिम्मेदारी के साथ काम करने के निर्देश दिए।
नुईया गांव में हाथियों के झुंड से दहशत, वन विभाग अलर्ट
नुईया गांव में हाथियों का हमला-सा माहौल: चार हाथियों के झुंड से दहशत, वन विभाग अलर्ट, पश्चिमी सिंहभूम जिला के गुवा थाना क्षेत्र अंतर्गत नुईया गांव में रविवार सुबह हाथियों का झुंड पहुंचने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। करीब चार हाथियों का समूह गांव के समीप देखा गया, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
जमशेदपुर में एसी ब्लास्ट से आग, बड़ा हादसा टला
जमशेदपुर के सोनारी क्षेत्र में कागल नगर रोड स्थित एक पांच मंजिला अपार्टमेंट के तीसरे फ्लोर पर शनिवार रात एसी के आउटडोर यूनिट में विस्फोट होने से आग लग गई, जिससे पूरे फ्लैट में धुआं फैल गया और अफरा-तफरी मच गई।
फ्लैट में मौजूद महिला सुरक्षित रही, जबकि अन्य निवासी भी बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने दमकल के आने से पहले आग पर काफी हद तक काबू पा लिया, बाद में दमकल की टीम ने पूरी तरह आग बुझा दी। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन फ्लैट को नुकसान पहुंचा और लोगों में दहशत का माहौल है।
टेल्को में डीजे विवाद में चापड़बाजी, तीन घायल
जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र स्थित जेमको मछुआ बस्ती में डीजे बजाने को लेकर हुआ विवाद शनिवार देर रात हिंसक हो गया। पुलिस द्वारा डीजे बंद कराने के बाद मनोज नाग के परिवार पर शिकायत का आरोप लगा, जिससे गुस्साए कुछ लोगों ने मनोज नाग पर चापड़ और चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे सुनीता देवी और छोटू नाग भी घायल हो गए, जिनमें छोटू की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया है।
नोवामुंडी में सड़क हादसा, स्कूटी टक्कर से महिला-बच्चा घायल
नोवामुंडी थाना क्षेत्र में स्थित मां काली मंदिर के पास शनिवार को एक सड़क हादसे में स्कूटी चला रही महिला और एक बच्चा घायल हो गए। घटना उस वक्त हुई जब एक बच्चा अचानक सड़क पार करने लगा और स्कूटी की चपेट में आ गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर गिर पड़ा।
चांडिल-कांड्रा सड़क बदहाल, ट्रेलर हादसे से ग्रामीणों में आक्रोश
सरायकेला के चांडिल-कांड्रा मुख्य सड़क की जर्जर हालत से ग्रामीणों में आक्रोश है और 15 अप्रैल को इसको लेकर एकदिवसीय धरना भी दिया गया था। रविवार सुबह करीब चार बजे एक अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे बने मकान में घुसकर पलट गया, जिससे घर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हालांकि घर में सो रहे लोग बाल-बाल बच गए और बड़ा हादसा टल गया। कई शिकायतों के बावजूद अब तक सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि सड़क निर्माण पूरा होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।











