25 February 2026 | कोल्हान की आवाज

जोहार कोल्हान: सच की बुलंद आवाज

Johar News Times
6 Min Read

जमशेदपुर/कोल्हान: “जोहार इस पावन धरती को, जोहार इस मिट्टी की खुशबू को, जोहार हर उस आवाज को जो सच के लिए उड़ती है।” जंगल की सरसराहट से लेकर शहर की हलचल और गांव की चौपाल से लेकर विकास की हर राह तक—कोल्हान की अपनी पहचान और आपके भरोसे के साथ मैं हूँ रंजना। आइए नजर डालते हैं आज की प्रमुख सुर्खियों पर।

पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के पोते वीर सोरेन का मनाली में निधन

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के 21 वर्षीय पोते वीर सोरेन का हिमाचल प्रदेश के मनाली में असामयिक निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, वीर अपने दोस्तों के साथ घूमने गए थे, जहाँ अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सिविल अस्पताल मनाली ले जाया गया, परंतु चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुखद घड़ी में पूरा झारखंड परिवार शोकाकुल परिजनों के साथ खड़ा है।

- Advertisement -
Ad image

सारंडा अभयारण्य पर झारखंड सरकार दायर करेगी समीक्षा याचिका

विधायक सरयू राय के सवाल पर सरकार ने विधानसभा में स्पष्ट किया कि वह सारंडा वन प्रमंडल क्षेत्र को वन्य प्राणी आश्रयणी घोषित करने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश को हूबहू लागू नहीं करेगी। सरकार ने आदेश के कुछ बिंदुओं पर स्पष्टीकरण हेतु सर्वोच्च न्यायालय में समीक्षा याचिका (Review Petition) दायर करने का निर्णय लिया है।

कोल्हान को रेलवे की सौगात: ₹1168 करोड़ का बजट स्वीकृत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट ने गमरिया-चांडिल के बीच तीसरी और चौथी रेल लाइन को मंजूरी दे दी है। लगभग 26 किलोमीटर लंबे इस रूट पर नई ट्रैक लाइन बिछाई जाएगी, जिससे कोल्हान के औद्योगिक और पर्यटन क्षेत्रों को नई गति मिलेगी और रेल यातायात की क्षमता में वृद्धि होगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जमशेदपुर दौरा: सोनारी एयरपोर्ट ‘नो फ्लाइंग ज़ोन’ घोषित

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 26 फरवरी को होने वाले दौरे को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सोनारी एयरपोर्ट पर वायुसेना के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग और मरीन ड्राइव स्थित कार्यक्रम स्थल तक कारकेड का रिहर्सल किया गया। सुरक्षा कारणों से एयरपोर्ट की परिधि को ‘नो फ्लाई जोन’ घोषित किया गया है, जहाँ ड्रोन और पैराग्लाइडिंग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

सूर्य मंदिर सिदगोड़ा में शिव प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ

जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर धाम में चार दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की उपस्थिति में भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली गई। मंदिर परिसर में शिवलिंग के पुन: प्रतिस्थापन और गरुड़ स्तंभ की स्थापना के लिए यह आयोजन किया जा रहा है, जिसका समापन 28 फरवरी को भंडारे के साथ होगा।

- Advertisement -
Ad image

नीमडीह: ईंट भट्ठा चौकीदार का संदिग्ध शव बरामद

सरायकेला जिले के नीमडीह थाना अंतर्गत मुरू गांव में एक ईंट भट्टे के पास 41 वर्षीय खितीश चंद्र महतो का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। मृतक भट्टे की देखरेख के लिए घर से निकला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

रेलवे इंस्टीट्यूट चुनाव का विरोध: मेंस यूनियन ने जताई आपत्ति

चक्रधरपुर और झारसुगुड़ा रेलवे इंस्टीट्यूट के प्रबंध समिति चुनाव को लेकर दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस यूनियन ने कड़ा विरोध जताया है। यूनियन ने सीनियर डीपीओ को पत्र लिखकर कहा कि मान्यता प्राप्त यूनियन की सहमति के बिना चुनाव कराना नियमों के विरुद्ध है।

सरायकेला सदर अस्पताल बनेगा मेडिकल कॉलेज

झारखंड सरकार ने सरायकेला सदर अस्पताल को पीपीपी (PPP) मोड पर मेडिकल कॉलेज में बदलने का निर्णय लिया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए भारी-भरकम प्रावधान किया गया है, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए चिकित्सा शिक्षा के नए द्वार खुलेंगे।

- Advertisement -
Ad image

अनियंत्रित ट्रेलर पुलिया पर लटका, बड़ा हादसा टला

चाईबासा-हाता मुख्य मार्ग पर मुरुमडी पुलिया के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गया। मजबूत रेलिंग के कारण गाड़ी नीचे नदी में गिरने से बच गई और चालक बाल-बाल बच गया।

गोलमुरी ट्रैफिक इंचार्ज शैलेंद्र कुमार निलंबित

एसीबी (ACB) की एडीजी प्रिया दुबे के पत्र पर कार्रवाई करते हुए जमशेदपुर एसएसपी ने गोलमुरी ट्रैफिक इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया है। उन पर आरोप है कि एसीबी में तैनाती के दौरान उन्होंने एक रिश्वत मामले में साक्ष्यों की कमी बताकर केस फाइल गलत तरीके से बंद की थी।

झारखंड बजट पर तीखी प्रतिक्रिया

पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट को ‘बहानों का पुलिंदा’ बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केंद्रीय फंड का बहाना बनाकर अपनी विफलताओं को छिपाने की कोशिश कर रही है।

Share This Article