झामुमो नेताओं ने कहा- बढ़ती महंगाई से आम लोगों का जीवन प्रभावित, सरकार ठोस कदम उठाए,
पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से बढ़ती महंगाई के खिलाफ एकदिवसीय महाधरना एवं प्रदर्शन आयोजित किया गया। उपायुक्त कार्यालय परिसर के समीप आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
धरना को संबोधित करते हुए झामुमो जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती खाद्य सामग्री, रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार आर्थिक दबाव झेल रहे हैं, लेकिन सरकार प्रभावी कदम उठाने के बजाय केवल बयानबाजी कर रही है।

उन्होंने कहा कि महंगाई अब केवल आर्थिक समस्या नहीं रह गई है, बल्कि यह आम नागरिकों के जीवन और सम्मान से जुड़ा मुद्दा बन चुका है। झामुमो नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार जल्द राहत देने की दिशा में ठोस पहल नहीं करती है, तो आंदोलन को जिलेभर में और तेज किया जाएगा।
कार्यक्रम को जिला परिषद अध्यक्ष एवं झामुमो महिला मोर्चा की नेत्री लक्ष्मी सुरेन, जिला उपाध्यक्ष दीपक कुमार प्रधान, मदन गागराई, सागर महतो, अकबर खान, प्रेम मुंडरी समेत कई नेताओं ने भी संबोधित किया।
धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव राहुल आदित्य ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने दिया।










