जिला परिसदन, जमशेदपुर में आज पूर्वी सिंहभूम झामुमो जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी वरिष्ठ एवं सक्रिय नेता, नगर अध्यक्ष-सचिव, तथा सभी प्रखंडों से प्रखंड अध्यक्ष एवं सचिवों के साथ नव नियुक्त जिला कमिटी के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। सभी प्रखंड एवं नगर अध्यक्ष/सचिवों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के प्रत्येक बूथ से एक-एक बीएलए (BLA) की सूची आगामी 10 दिनों के भीतर तैयार कर जिला कमिटी को सौंपें। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि सूचीबद्ध सदस्यों को निर्धारित समय, स्थान एवं तिथि पर बैठक में बुलाया जाए और इसकी संपूर्ण जानकारी जिला कमिटी को उपलब्ध कराई जाए, ताकि जिला कमिटी स्वयं उपस्थित होकर बीएलए एवं बूथ सदस्यों के साथ बैठक कर केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों को साझा कर सके।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव आयोग का दुरुपयोग किया जा रहा है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक गलत उदाहरण प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा SIR प्रक्रिया पर पूरी सतर्कता और पैनी नजर बनाए हुए है। बीएलए की जिम्मेदारी होगी कि किसी भी आम नागरिक का नाम SIR सूची से न हटे।

उन्होंने आगे कहा कि कार्यकर्ताओं को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी उठानी होगी। अंत में उन्होंने दोहराया कि झामुमो एक आंदोलनकारी पार्टी है और अन्याय को न सहने और न होने देने की नीति पर कायम है।
मौके पर शेख बदरुद्दीन, प्रमोद लाल, सागेन पूर्ति, चंद्रशेखर टुडू, मानिक मलिक, विद्यासागर दास, नसीर खान, प्रीतम हेमब्रम एवं सभी प्रखंड व नगर के अध्यक्ष सचिव मौजूद रहे।










