जमशेदपुर के आदित्यपुर की प्रतिभाशाली छात्रा शांभवी तिवारी ने ISC 12वीं (बायो साइंस) परीक्षा 2026 में 100 प्रतिशत अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त कर पूरे राज्य को गौरवान्वित किया है। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर शहर में खुशी की लहर है।
टॉपर से मिलने पहुंचे नेता, किया सम्मान
इस उपलब्धि के बाद Kunal Sarangi (पूर्व विधायक सह केंद्रीय प्रवक्ता, झामुमो) खुद शांभवी तिवारी के आवास पहुंचे और उन्हें अंगवस्त्र, पुष्प गुच्छ एवं उपहार देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने शांभवी और उनके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है।
प्रेरणा बनी शांभवी
कुणाल षड़ंगी ने कहा कि शांभवी की यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी तरह सफलता हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।
मेहनत का मिला परिणाम
शांभवी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और निरंतर मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से ही यह मुकाम हासिल किया जा सका।
गणमान्य लोगों की मौजूदगी
इस मौके पर सरायकेला नगर परिषद अध्यक्ष मनोज चौधरी, झामुमो के केंद्रीय सदस्य गणेश चौधरी, युवा समाजसेवी इंदरजीत सिंह और युवा उद्यमी प्रतीक कुमार भी मौजूद रहे। सभी ने शांभवी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शांभवी तिवारी की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।










