डुमरिया : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन का बुधवार को डुमरिया पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। पदभार संभालने के बाद यह उनका पहला डुमरिया दौरा था। इस दौरान प्रखंड अध्यक्ष मिर्जा सोरेन के नेतृत्व में स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें माला और बुके देकर गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा गया।
कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक
दौरे के दौरान जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन ने कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में आगामी सांगठनिक कार्यों और मतदाता सूची के पुनरीक्षण (वोटर लिस्ट सुधार) को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कड़ा और स्पष्ट संदेश दिया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का निर्देश है कि किसी भी परिस्थिति में किसी भी पात्र मतदाता का नाम वोटर लिस्ट से नहीं कटना चाहिए।
अन्य राज्यों का उदाहरण देकर दी चेतावनी
विक्टर सोरेन ने पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां लापरवाही के कारण लगभग 90 लाख मतदाताओं के नाम एसआईआर प्रक्रिया में हट गए। उन्होंने कहा कि इससे हमें सबक लेने की जरूरत है और झारखंड में ऐसी कोई चूक नहीं होनी चाहिए।
बूथ स्तर पर समन्वय पर जोर
जिलाध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि झामुमो के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) अपने-अपने क्षेत्रों के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ बेहतर समन्वय और तालमेल स्थापित करें तथा पूरी गंभीरता से कार्य करें।
पोटका क्षेत्र में अनमैप्ड मतदाताओं पर चिंता
उन्होंने यह भी बताया कि पोटका विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में लगभग 90 हजार अनमैप्ड मतदाता सूचीबद्ध हैं, जो एक गंभीर मुद्दा है। इस पर विशेष ध्यान देने और त्वरित सुधार की आवश्यकता है। इस तरह बैठक में संगठनात्मक मजबूती और मतदाता सूची सुधार को लेकर कार्यकर्ताओं को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।
