Giridih News : दो माह से वेतन नहीं मिलने पर शिक्षकों में नाराजगी, जनगणना कार्य बहिष्कार की चेतावनी

Giridih News : दो माह से वेतन नहीं मिलने पर शिक्षकों में नाराजगी, जनगणना कार्य बहिष्कार की चेतावनी

Johar News Times
2 Min Read

गिरिडीह जिले में कार्यरत सैकड़ों पीजीटी और टीजीटी शिक्षक पिछले दो महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। वेतन भुगतान की मांग को लेकर शिक्षक लगातार अधिकारियों से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। डीईओ कार्यालय की कार्यशैली से नाराज शिक्षक अब जनगणना कार्य के बहिष्कार पर विचार कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार जिले में कार्यरत करीब 1029 टीजीटी और 300 पीजीटी शिक्षकों समेत कई कर्मचारियों को मार्च और अप्रैल माह का वेतन अब तक नहीं मिला है। वेतन लंबित रहने से शिक्षकों और उनके परिवारों को गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शिक्षकों का कहना है कि वे उपायुक्त को सैकड़ों ई-मेल भेजकर वेतन भुगतान की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। शिक्षकों ने बताया कि प्राथमिक शिक्षकों को वेतन का भुगतान कर दिया गया है, जबकि पीजीटी और टीजीटी शिक्षक अब भी भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। इसे लेकर शिक्षक संगठन समन्वय समिति ने डीईओ कार्यालय की कार्यशैली पर नाराजगी जताई है।

झारखंड प्लस टू शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद वेतन भुगतान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को शिक्षक आकस्मिक अवकाश लेकर उपायुक्त के जनता दरबार में पहुंचेंगे और वेतन भुगतान की मांग करेंगे। शिक्षकों का आरोप है कि गत चार मई को उपायुक्त कार्यालय के सभागार में डीईओ और डीएसई को जल्द वेतन भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन शिक्षा विभाग अब तक उस आदेश का पालन नहीं कर रहा है। इसी कारण शिक्षकों के बीच आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article