झारखंड गृह रक्षा वाहिनी, रामगढ़ ने होमगार्ड के 284 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। भर्ती के तहत ग्रामीण और शहरी गृह रक्षक पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
ग्रामीण और शहरी पदों का विवरण
भर्ती अभियान में ग्रामीण गृह रक्षकों के 213 पद शामिल हैं। इनमें 105 पद महिलाओं और 108 पद पुरुषों के लिए निर्धारित किए गए हैं।
वहीं शहरी गृह रक्षकों के 71 पदों पर भर्ती होगी, जिनमें 35 पद महिलाओं और 36 पद पुरुषों के लिए आरक्षित हैं।
आवेदन प्रक्रिया शुरू
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 7 मई 2026 से शुरू हो चुकी है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 4 जून 2026 तय की गई है। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
सफलतापूर्वक आवेदन करने के बाद उम्मीदवारों को आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी 8 मई से 5 जून के बीच जिला समादेष्टा कार्यालय, रामगढ़ में जमा करना अनिवार्य होगा।
शैक्षणिक योग्यता
ग्रामीण गृह रक्षक पदों के लिए उम्मीदवार का न्यूनतम सातवीं पास होना जरूरी है।
वहीं शहरी गृह रक्षक पदों के लिए न्यूनतम मैट्रिक यानी दसवीं पास योग्यता निर्धारित की गई है।
आयु सीमा और चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 19 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी।
अभ्यर्थियों का चयन शारीरिक परीक्षण, हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा, तकनीकी दक्षता परीक्षा और अन्य निर्धारित चरणों के आधार पर किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को झारखंड सरकार के नियमों के अनुसार वेतन दिया जाएगा।
आवेदन शुल्क
सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपए निर्धारित किया गया है। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा। आवेदन शुल्क जमा होने के बाद ही आवेदन स्वीकार किया जाएगा।
ऐसे करें आवेदन
उम्मीदवार सबसे पहले झारखंड होम डिफेंस कॉर्प्स की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
इसके बाद संबंधित भर्ती लिंक पर क्लिक कर पंजीकरण करें और लॉगिन करें। आवेदन पत्र में मांगी गई सभी जानकारियां भरें। आवश्यक दस्तावेज, प्रमाण पत्र, पासपोर्ट आकार का रंगीन फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करें।
अंत में आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट करें और भविष्य के लिए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी सुरक्षित रख लें।











