जामताड़ा, 19 मई 2026: जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पु०नि० सह थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में साइबर अपराध थाना की विशेष टीम गठित कर छापेमारी अभियान चलाया गया।
पुलिस टीम ने 18 मई 2026 को करमाटाँड़ थाना क्षेत्र के ग्राम रतनोडीह पहाड़िया टोला स्थित तालाब से लगभग 10 मीटर आगे कच्ची सड़क किनारे झाड़ियों के पास छापेमारी की। इस दौरान साइबर ठगी की घटना को अंजाम दे रहे चार अपराधियों को मौके से गिरफ्तार किया गया। वहीं एक अन्य कार्रवाई में कालाझरिया स्थित पेट्रोल पंप के पास से फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया।
इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 27/26 एवं 28/26 दर्ज किया गया है। दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं, आईटी एक्ट की धारा 66 (बी), (सी), (डी) तथा टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में रिजवान अंसारी (19), बसीर अंसारी (30), सकलैन अंसारी (19), मुजाहिद अंसारी (21) तथा सफाउद्दीन अंसारी (20) शामिल हैं। सभी आरोपी करमाटाँड़ थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के निवासी बताए गए हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन, छह सिम कार्ड, तीन एटीएम कार्ड, एक पैन कार्ड, एक आधार कार्ड तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी गूगल के माध्यम से क्रेडिट और डेबिट कार्ड धारकों के मोबाइल नंबर प्राप्त करते थे। इसके बाद ग्राहकों को कॉल कर बैंक खाता या कार्ड बंद होने की बात कहकर उन्हें डराया जाता था। अपराधी स्क्रीन शेयरिंग एप्लीकेशन के जरिए लोगों के मोबाइल तक पहुंच बनाकर कार्ड डिटेल, ओटीपी और अन्य गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी को अंजाम देते थे। इसके अलावा फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध कराकर अन्य साइबर अपराधियों की भी मदद की जा रही थी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रिजवान अंसारी पहले भी साइबर अपराध थाना जामताड़ा कांड संख्या 61/23 में आरोपपत्रित रह चुका है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि गिरोह का नेटवर्क मुख्य रूप से महाराष्ट्र, गुजरात और पश्चिम बंगाल में सक्रिय था। पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है।
हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — joharnewstimes.com
