जामताड़ा, झारखंड के मिहिजाम क्षेत्र में रविवार तड़के एक भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई, जिसमें टेंट हाउस का पूरा गोदाम जलकर खाक हो गया। इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
यह घटना वार्ड संख्या 8 स्थित पोखरतल्ला इलाके में करीब सुबह 4 बजे हुई। स्थानीय निवासी मो. अख्तर के घर परिसर में बने टेंट हाउस के गोदाम में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में गोदाम में रखा टेंट, कुर्सियां, सजावट का सामान और अन्य सामग्री पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता
स्थानीय लोगों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास के घरों को सुरक्षित बचा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को भी दी गई थी, हालांकि उनके पहुंचने से पहले ही आग पर नियंत्रण पा लिया गया।
कारणों की जांच जारी
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस घटना में भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।










