गोड्डा : मुहर्रम को लेकर हनवारा थाना में शांति समिति की बैठक, अफवाहों से बचने की अपील

गोड्डा : मुहर्रम को लेकर हनवारा थाना में शांति समिति की बैठक, अफवाहों से बचने की अपील

Johar News Times
2 Min Read

मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और विधि-सम्मत तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को हनवारा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी ध्रुव कुमार सिंह ने की। इसमें एसडीपीओ वरुण रजक, जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी और विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोग शामिल हुए।

बैठक को संबोधित करते हुए एसडीपीओ वरुण रजक ने कहा कि मुहर्रम आस्था, अनुशासन और भाईचारे का पर्व है। उन्होंने लोगों से आपसी सद्भाव बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि मुहर्रम जुलूस निर्धारित मार्ग और तय समय के अनुसार ही निकाले जाएं। पर्व के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अंचलाधिकारी खगेन महतो ने अखाड़ा समितियों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और सभी समुदायों के बीच समन्वय व सहयोग बनाए रखने की अपील की, ताकि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

Share This Article