जामताड़ा (करमाटांड़) : झारखंड के जामताड़ा जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाली दर्दनाक घटना सामने आई है। बेटी की शादी के 24 घंटे भी पूरे नहीं हुए थे कि परिवार में पिता की अर्थी उठानी पड़ गई। आरोप है कि बड़े बेटे ने ही अपने पिता की कुदाल से मारकर हत्या कर दी।
यह घटना करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रामपुर माधोपुर गांव की है। यहां 60 वर्षीय गोविंद राय की उनके ही बड़े बेटे ललित राय ने कुदाल से वार कर हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लागुरी, प्रभारी थाना प्रभारी विकास कुमार तिवारी, एसआई मुकेश कुमार भोक्ता और एएसआई जगन्नाथ टुडू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान गोविंद राय का शव खटिया पर संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला।
फॉरेंसिक टीम ने किया जांच, कुदाल समेत कई वस्तुएं जब्त
मौके पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट टीम भी पहुंची, जिसमें चंदन कुमार, संजीव कुमार और रामकृष्ण मुर्मू शामिल थे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए कुदाल समेत कई वस्तुओं की जांच की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ललित राय को पिता की हत्या के आरोप में हिरासत में ले लिया है।
शादी के बाद घर में जश्न से मातम तक का सफर
मृतक की पत्नी कुंती देवी ने बताया कि उनकी बेटी आशा राय की शादी रविवार रात को हुई थी और सोमवार सुबह उसकी विदाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई थी। घर में सब कुछ सामान्य था और खुशी का माहौल था।
लेकिन मंगलवार को अचानक स्थिति बदल गई। परिजनों के अनुसार, गोविंद राय और उनका बड़ा बेटा ललित राय शराब के नशे में आपस में झगड़ने लगे। विवाद बढ़ने पर छोटे बेटे अशोक राय ने दोनों को अलग-अलग घर भेज दिया।
घर लौटने पर मिला शव, गांव में फैली सनसनी
इसके बाद जब कुंती देवी घर लौटीं तो उन्होंने अपने पति गोविंद राय को जमीन पर मृत अवस्था में पाया। उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बन गया है।
पुलिस जांच जारी, आरोपी हिरासत में
प्रभारी थाना प्रभारी विकास कुमार तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बेटे द्वारा पिता की हत्या की पुष्टि हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। आवेदन प्राप्त होते ही आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेजा जाएगा।











