जमशेदपुर: पुलिस की मुस्तैदी से टली बड़ी वारदात, अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार

Johar News Times
2 Min Read

जमशेदपुर: लौहनगरी में पुलिस की तत्परता ने एक बड़ी आपराधिक घटना को होने से पहले ही रोक दिया है। उलीडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को देसी कट्टा के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शंकोसाई रोड नंबर-5 निवासी अवधेश कुमार यादव के रूप में हुई है।

देर रात घेराबंदी कर दबोचा गया आरोपी

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध हथियार लेकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में टावर मैदान इलाके में घूम रहा है। सूचना मिलते ही उलीडीह थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और रविवार तड़के करीब 3 बजे इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया है।

- Advertisement -
Ad image

बदला लेने की थी मंशा

मामले का खुलासा करते हुए पटमदा डीएसपी बचनदेव कुजूर ने बताया कि आरोपी अवधेश का 18 अप्रैल को अपने दोस्तों के साथ विवाद हुआ था। नशे की हालत में हुई मारपीट का बदला लेने के लिए वह हथियार लेकर निकला था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

अवैध हथियारों की सप्लाई बड़ी चुनौती

इस गिरफ्तारी ने एक बार फिर शहर में अवैध हथियारों की उपलब्धता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस का दावा है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी है, लेकिन बाहरी राज्यों से होने वाली हथियारों की तस्करी को रोकना प्रशासन के लिए अब भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।

Share This Article