रांची: झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) द्वारा आयोजित झारखंड टी20 लीग अब रोमांचक दौर में पहुंच चुकी है। राज्य के युवा क्रिकेटरों के लिए यह टूर्नामेंट बड़ा मंच साबित हो रहा है। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) फ्रेंचाइजियों का भी ध्यान अपनी ओर खींचा है।
इसी क्रम में मुंबई इंडियंस की ओर से पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज नमन ओझा और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से घरेलू क्रिकेट के अनुभवी खिलाड़ी गोकुल शर्मा खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर रखने रांची पहुंचे हैं।
धोनी की मौजूदगी में हुई थी लीग की शुरुआत
झारखंड टी20 लीग के पहले संस्करण का उद्घाटन महेंद्र सिंह धोनी की मौजूदगी में हुआ था। तभी से यह प्रतियोगिता लगातार चर्चा में बनी हुई है और राज्य के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा अवसर दे रही है।
इन खिलाड़ियों ने खींचा स्काउट्स का ध्यान
टूर्नामेंट में शरणदीप सिंह, राजनदीप सिंह, प्रिंस अनुराग मुर्मू और सुप्रियो चक्रवर्ती ने अपने दमदार प्रदर्शन से खास पहचान बनाई है। लगातार शानदार खेल के दम पर इन खिलाड़ियों ने आईपीएल स्काउट्स का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है।
खिलाड़ियों में दिख रहा है जुनून : नमन ओझा
मुंबई इंडियंस के स्काउट नमन ओझा ने टूर्नामेंट की सराहना करते हुए कहा कि झारखंड में प्रतियोगिता का आयोजन बेहतरीन तरीके से किया जा रहा है। यहां की पिचों की गुणवत्ता अच्छी है और घास होने के कारण गेंदबाजों को भी मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि सबसे खास बात खिलाड़ियों में दिखने वाला जुनून और आगे बढ़ने की भूख है।
जेएससीए के लिए बड़ी उपलब्धि
आईपीएल फ्रेंचाइजियों के स्काउट्स का रांची पहुंचना जेएससीए के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे साफ है कि झारखंड टी20 लीग अब केवल राज्य स्तरीय प्रतियोगिता नहीं रह गई है, बल्कि युवा खिलाड़ियों के लिए आईपीएल तक पहुंचने का मजबूत मंच बनती जा रही है।
