चाईबासा में नदी में डूबने से मासूम की मौत, इलाज में देरी बनी जानलेवा

चाईबासा में नदी में डूबने से मासूम की मौत, इलाज में देरी बनी जानलेवा

Johar News Times
2 Min Read

पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना तांतनगर ओपी अंतर्गत छोटा तेंताडा गांव की बताई जा रही है, जहां खेलते समय बच्ची नदी में डूब गई। मृत बच्ची की पहचान संगीता सिरका के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, संगीता गांव के अन्य बच्चों के साथ घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान बच्चे खेलते-खेलते नदी किनारे पहुंच गए। बताया जा रहा है कि अचानक संतुलन बिगड़ने से संगीता पानी में चली गई और डूबने लगी। आसपास मौजूद बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्ची को नदी से बाहर निकाला।

ग्रामीणों के मुताबिक बच्ची को बाहर निकालने के बाद तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाय परिजन और कुछ स्थानीय लोग झाड़-फूंक कराने में लग गए। काफी समय बीत जाने के बाद जब बच्ची की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ, तब उसे लेकर सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचा गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची की मौत पानी में डूबने और समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण हुई। घटना के बाद इलाके में अंधविश्वास और झाड़-फूंक को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आपात स्थिति में तुरंत अस्पताल पहुंचना जरूरी है, ताकि समय रहते इलाज मिल सके।

प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी दुर्घटना या गंभीर स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें। वहीं गांव में इस घटना के बाद शोक और गम का माहौल बना हुआ है।

अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article