एम्स देवघर में कैंसर जांच की हाईटेक सुविधा शुरू, अत्याधुनिक मैमोग्राफी मशीन से महिलाओं को बड़ी राहत

एम्स देवघर में कैंसर जांच की हाईटेक सुविधा शुरू, अत्याधुनिक मैमोग्राफी मशीन से महिलाओं को बड़ी राहत

Johar News Times
3 Min Read

देवघर: संताल परगना क्षेत्र की महिलाओं के लिए एक बड़ी स्वास्थ्य सुविधा की शुरुआत करते हुए एम्स देवघर के रेडियोडायग्नोसिस विभाग में गुरुवार को अत्याधुनिक डिजिटल मैमोग्राफी प्रणाली (एलेंजर्स एमएएम वीनस प्लस) का उद्घाटन किया गया। संस्थान के कार्यकारी निदेशक डॉ. नितिन एम. गंगने ने नई मशीन का शुभारंभ करते हुए इसे क्षेत्र में स्तन कैंसर की जांच और उपचार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

डॉ. गंगने ने कहा कि इस अत्याधुनिक तकनीक के शुरू होने से स्तन कैंसर की शुरुआती पहचान अधिक सटीकता के साथ संभव हो सकेगी। समय पर बीमारी का पता चलने से मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और कैंसर से होने वाली जटिलताओं को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।

थ्री-डी तकनीक से मिलेगी अधिक सटीक जांच
नई डिजिटल मैमोग्राफी मशीन में कई आधुनिक तकनीकों को शामिल किया गया है। इसमें थ्री-डी डिजिटल ब्रेस्ट टोमोसिंथेसिस (डीबीटी) तकनीक उपलब्ध है, जो स्तन ऊतकों की बेहद स्पष्ट और विस्तृत तस्वीरें प्रदान करती है। वहीं ड्यूल-एनर्जी कॉन्ट्रास्ट एन्हांस्ड मैमोग्राफी (सीईएम) तकनीक संदिग्ध कैंसर कोशिकाओं की पहचान को अधिक सटीक बनाती है। इसके अलावा स्टीरियोटैक्टिक ब्रेस्ट बायोप्सी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इस तकनीक के माध्यम से स्तन में मौजूद छोटी से छोटी गांठ या असामान्यता की जांच बिना बड़े ऑपरेशन और चीरा-फाड़ के की जा सकेगी। इससे मरीजों को कम दर्द और कम जोखिम के साथ बेहतर जांच सुविधा मिलेगी।

महानगरों के चक्कर से मिलेगी राहत
नई सुविधा शुरू होने से देवघर सहित पूरे संताल परगना क्षेत्र के मरीजों को अब उन्नत जांच और बायोप्सी के लिए दिल्ली, कोलकाता या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे मरीजों के समय और धन दोनों की बचत होगी। साथ ही महिलाओं में नियमित स्तन कैंसर स्क्रीनिंग को लेकर जागरूकता भी बढ़ेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों की महिलाओं को अब स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध होने से कैंसर की प्रारंभिक पहचान और उपचार की संभावनाएं बेहतर होंगी। उद्घाटन समारोह में मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. राजेश कुमार, अधीक्षण अभियंता देवानंद झा, उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमरदीप कुमार सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक, विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि यह सुविधा क्षेत्र की महिलाओं के लिए वरदान साबित होगी और स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेगी।

Share This Article