सरायकेला-खरसावां जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से Punjab National Bank Rural Self Employment Training Institute द्वारा 18 मई से निशुल्क पोल्ट्री फार्मिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। प्रशिक्षण में आधुनिक ब्रॉयलर फार्मिंग के साथ-साथ देसी मुर्गी पालन की भी जानकारी दी जाएगी, ताकि ग्रामीण युवा कम लागत में अपना व्यवसाय शुरू कर सकें।
संस्थान की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, प्रशिक्षण पूरी तरह भारत सरकार समर्थित एवं निःशुल्क होगा। इसमें सरायकेला-खरसावां जिले के 18 से 50 वर्ष तक के इच्छुक युवक और युवतियां आवेदन कर सकते हैं। प्रशिक्षण की अवधि 12 दिनों की होगी और प्रतिदिन सुबह 9 बजे से कक्षाएं संचालित की जाएंगी।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को संस्थान की ओर से मुफ्त भोजन, सुरक्षित छात्रावास, प्रशिक्षण ड्रेस, किताबें, कॉपी और अन्य अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण में पोल्ट्री फार्मिंग के वैज्ञानिक तरीके, चूजों की देखभाल, दवा प्रबंधन, बाजार व्यवस्था और स्वरोजगार शुरू करने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
संस्थान के अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण पूरा करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं और बैंक ऋण लेने में मदद मिलेगी। RSETI मॉडल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को कौशल विकास के जरिए आत्मनिर्भर बनाना है।
इच्छुक अभ्यर्थी आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और शैक्षणिक प्रमाण पत्र के साथ PNB-RSETI सरायकेला कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। सीटें सीमित होने के कारण पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर नामांकन किया जाएगा।
अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com
