Garhwa Action : गढ़वा में अवैध पेट्रोल बिक्री पर प्रशासन का शिकंजा, 5 दुकानें सील

Garhwa Action : गढ़वा में अवैध पेट्रोल बिक्री पर प्रशासन का शिकंजा, 5 दुकानें सील

Johar News Times
3 Min Read

गढ़वा और मझिआंव क्षेत्र में परचून एवं जनरल स्टोर की दुकानों में अवैध रूप से पेट्रोल बेचने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार के नेतृत्व में कई दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। औचक जांच के दौरान सात दुकानों में अवैध रूप से पेट्रोल का भंडारण और बोतलों में भरकर अधिक कीमत पर बिक्री किए जाने का मामला सामने आया। कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने पांच दुकानों को मौके पर ही सील कर दिया, जबकि एक दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई शुरू की गई है।

जिन दुकानदारों पर कार्रवाई की गई उनमें रामसागर राम, सुकृत मेहता, उमेश मेहता, सतीश कुमार पांडेय, राधाकृष्ण मेहता, सुभाष मेहता और प्रमोद प्रसाद केसरी शामिल हैं। जांच के दौरान पकड़े गए दुकानदारों ने जिन पेट्रोल पंपों से ईंधन की आपूर्ति होने की बात स्वीकार की, अब प्रशासन उन पेट्रोल पंप संचालकों की भूमिका की भी जांच कर रहा है। एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि संबंधित पेट्रोल पंप संचालकों को शो-कॉज नोटिस जारी किया जा रहा है। साथ ही क्षेत्र में इस अवैध कारोबार पर रोक लगाने में लापरवाही बरतने के आरोप में अंचल पदाधिकारियों, थाना प्रभारियों और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों से भी जवाब-तलब किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि परचून, कपड़ा दुकानों या घरों में पेट्रोल रखना और बेचना पूरी तरह गैरकानूनी होने के साथ-साथ बेहद खतरनाक भी है। पेट्रोल की बिक्री का अधिकार केवल लाइसेंसधारी पेट्रोल पंपों को है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध स्रोतों से पेट्रोल खरीदने वाले वाहन चालकों पर भी अब कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संभावित अग्निकांड या दुर्घटना से बचने के लिए केवल अधिकृत पेट्रोल पंपों से ही ईंधन खरीदें। साथ ही उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि यदि कहीं अवैध रूप से बोतलों में पेट्रोल बेचे जाने की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article