झारखंड के गढ़वा जिले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।गढ़वा के चिनिया थाना पुलिस ने करीब 12 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी संजय मलार उर्फ संजू मलार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र के सिक्की खूर्द (छोटकी) गांव का रहने वाला बताया गया है। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
दहेज प्रताड़ना और दूसरी शादी का मामला
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ 8 सितंबर 2014 को चिनिया थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 498(A) (दहेज प्रताड़ना) और 494 (पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी) के तहत मामला दर्ज किया गया था। केस दर्ज होने के बाद से ही वह गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गया था।
पहचान बदलकर करता रहा बचने की कोशिश
चिनिया थाना प्रभारी विकु कुमार रजक ने बताया कि आरोपी काफी चालाकी से लगातार अपनी पहचान और ठिकाना बदलता रहा, जिससे वह एक दशक से अधिक समय तक पुलिस की पकड़ से बाहर रहा। उसके खिलाफ अदालत से वारंट भी जारी किया गया था, लेकिन वह हर बार बच निकलता था।
गुप्त सूचना पर पुलिस की कार्रवाई
आखिरकार पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर छापेमारी कर उसे उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया गया। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी उपलब्धि मान रही है।









