घाटशिला: संत नंदलाल स्मृति विद्या मंदिर में AI पर ज्ञानवर्धक वेबिनार का आयोजन

सत्र आधुनिक तकनीक और डिजिटल युग में AI की भूमिका को समझाने पर केंद्रित रहा।

Johar News Times
3 Min Read

झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला स्थित संत नंदलाल स्मृति विद्या मंदिर के मल्टीमीडिया हॉल में कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर आधारित एक ज्ञानवर्धक परामर्श सत्र का आयोजन किया गया। यह सत्र आधुनिक तकनीक और डिजिटल युग में AI की भूमिका को समझाने पर केंद्रित रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की परंपरा के अनुसार दीप प्रज्वलन और भगवान गौतम बुद्ध की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर की गई। इस अवसर पर सह-सचिव एसके देवड़ा, प्राचार्य डॉ. श्रीनिबास मिश्रा, शैक्षणिक प्रशासक सपना शर्मा, अकादमिक काउंसलर एसआर दत्ता, प्राइमरी विंग प्रभारी सुजाता वर्मा के साथ आयोजक संदीप गुप्ता और उनके पिता कैलाशचंद गुप्ता उपस्थित रहे। इससे पहले अतिथियों का फलों की टोकरी देकर स्वागत किया गया।

- Advertisement -
Ad image

प्राचार्य डॉ. श्रीनिबास मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस वर्तमान समय की जरूरत है और यह विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन करने में मददगार साबित हो सकता है। इसके बाद मुख्य वक्ता संदीप गुप्ता ने AI की मूल अवधारणाओं को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने बताया कि AI क्या है, यह इंसानी दिमाग की तरह जानकारी को कैसे स्टोर करता है, जैविक और कृत्रिम न्यूरॉन के बीच क्या संबंध है, तथा AI और AGI में क्या अंतर है।

संदीप गुप्ता ने स्मॉल लैंग्वेज मॉडल की उपयोगिता, साइबर फ्रॉड के खतरे और AI से जुड़े करियर विकल्पों पर भी विस्तार से चर्चा की। सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाएं जाहिर कीं। वहीं, ऑनलाइन ज़ूम प्लेटफॉर्म के माध्यम से कई अभिभावक और छात्र भी इस सत्र से जुड़े। विद्यालय के सह-सचिव शिवकुमार देवड़ा ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि कंप्यूटर केवल एक साधन है, जबकि रचनात्मकता का असली स्रोत मानव मस्तिष्क है। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीक का सही उपयोग करते हुए अपनी सोच और भावनाओं को जीवंत बनाए रखने की सलाह दी।

कार्यक्रम का मंच संचालन लाबोनी चटर्जी ने किया। अंत में संदीप गुप्ता, उनके अभिभावक कैलाशचंद गुप्ता और सुमित्रा गुप्ता को स्मृति चिन्ह व शॉल देकर सम्मानित किया गया। शैक्षिक प्रभारी शाश्वती रॉय पटनायक ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सह-शैक्षिक प्रभारी नीलिमा सरकार, अर्पो भट्टाचार्य और सोमनाथ दे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। यह सत्र छात्रों को बदलते डिजिटल दौर के अनुरूप तैयार करने और उनके तकनीकी कौशल को विकसित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।

Share This Article