सिंहभूम कॉलेज चांडिल में कुड़मालि विषय शुरू करने की उठी मांग, कुलपति को सौंपा गया ज्ञापन

सिंहभूम कॉलेज चांडिल में कुड़मालि विषय शुरू करने की उठी मांग, कुलपति को सौंपा गया ज्ञापन

Johar News Times
2 Min Read

जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो बोलीं— उच्च शिक्षा में अवसर के अभाव से वंचित हो रहे हैं कुड़मालि भाषा के विद्यार्थी,

सरायकेला, सिंहभूम कॉलेज, चांडिल में कुड़मालि भाषा की पढ़ाई शुरू कराने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। इस संबंध में जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने कोल्हान विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. अंजिला गुप्ता और कुलसचिव डॉ. रंजीत कुमार कर्ण से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आगामी शैक्षणिक सत्र से कॉलेज में कुड़मालि विषय की पढ़ाई शुरू कराने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया है कि चांडिल अनुमंडल का सिंहभूम कॉलेज क्षेत्र का एकमात्र डिग्री कॉलेज है। क्षेत्र के कई मध्य विद्यालय, उच्च विद्यालय और प्लस-टू विद्यालयों में पहले से ही कुड़मालि भाषा की पढ़ाई हो रही है, लेकिन उच्च शिक्षा स्तर पर इस विषय की पढ़ाई की व्यवस्था नहीं होने से विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

मधुश्री महतो ने कहा कि चांडिल और आसपास के क्षेत्रों में कुड़मालि व्यापक रूप से बोली और समझी जाने वाली भाषा है। यह केवल किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र के विभिन्न समुदायों के लोग दैनिक जीवन में इसका उपयोग करते हैं। इसके बावजूद स्थानीय कॉलेज में इस भाषा के अध्ययन की सुविधा उपलब्ध नहीं होना चिंताजनक है।

उन्होंने कहा कि कुड़मालि विषय में आगे पढ़ाई करने के इच्छुक विद्यार्थियों को दूर-दराज के शिक्षण संस्थानों का रुख करना पड़ता है। कई छात्र-छात्राएं आर्थिक, सामाजिक और यातायात संबंधी कठिनाइयों के कारण उच्च शिक्षा प्राप्त नहीं कर पाते। ऐसे में सिंहभूम कॉलेज में कुड़मालि विषय शुरू होने से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।

ज्ञापन में विश्वविद्यालय प्रशासन से विद्यार्थियों, अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों की मांग को ध्यान में रखते हुए नए सत्र से कुड़मालि भाषा की पढ़ाई प्रारंभ करने की पहल करने का आग्रह किया गया है। इस दौरान डॉ. विभीषण महतो, पंचानन महतो, बिमल चंद्र महतो, धनंजय महतो और जितेंद्र महतो सहित कई लोग उपस्थित थे।

Share This Article