घाटशिला: भाजपा नेत्री डॉ. सुनीता देवदूत सोरेन ने समर्थकों संग धरती आबा को दी श्रद्धांजलि, बोलीं— ‘शोषण के खिलाफ उनके संघर्ष से सीखें युवा’

"घाटशिला में उमड़ी श्रद्धा: HCL गेट पर भाजपा नेत्री डॉ. सुनीता सोरेन ने समर्थकों संग भगवान बिरसा मुंडा को किया नमन।"

Johar News Times
3 Min Read

जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अस्मिता की रक्षा के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा के शहादत दिवस पर घाटशिला में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में भाजपा नेत्री और प्रख्यात समाजसेवी डॉ. सुनीता देवदूत सोरेन के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने एचसीएल गेट के पास स्थापित ‘धरती आबा’ की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित किए।

उलगुलान का बिगुल फूंककर समाज को जगाया: डॉ. सुनीता सोरेन

इस गरिमामयी अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए डॉ. सुनीता देवदूत सोरेन ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और उनके महान विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा:

“धरती आबा बाबा बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज के मान-सम्मान और जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने दमनकारी अंग्रेजी हुकूमत और दलालों की शोषणकारी व्यवस्था के खिलाफ ‘उलगुलान’ का बिगुल फूंककर पूरे समाज को जागृत करने का काम किया। इतनी कम उम्र में समाज को एक नई दिशा देना और अन्याय के खिलाफ खड़ा करना उनके अद्वितीय व्यक्तित्व को दर्शाता है।”

उनके बताए रास्तों पर चलने का संकल्प लेने का दिन

भाजपा नेत्री ने युवाओं और समाज के लोगों से अपील करते हुए कहा कि आज का दिन केवल औपचारिकता निभाने या श्रद्धांजलि देने का नहीं है, बल्कि उनके बताए सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लेने का दिन है। आज की युवा पीढ़ी को बाबा बिरसा मुंडा के त्याग और संघर्ष से सीख लेने की जरूरत है। समाज में शिक्षा, आपसी एकता और जागरूकता फैलाकर तथा अपने अधिकारों के प्रति सजग रहकर ही हम एक मजबूत और शोषणमुक्त समाज का निर्माण कर सकते हैं।

इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान भाजपा मुसाबनी मंडल अध्यक्ष जयंत घोष, वीरमल लामा, बुद्धेश्वर हांसदा, अधिवक्ता मून मून नंदा दाश, सुब्रतो दाश, स्मृति कोना सरकार, नीमा रजक, विश्वनाथ कार्जी, अशोक पासवान और खेलाराम हांसदा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, महिलाएं और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने ‘धरती आबा अमर रहें’ के गगनभेदी नारे भी लगाए।

Share This Article