राहुल गांधी का संदेश लेकर मायावती से मिलने पहुंचे कांग्रेस नेता, बसपा सुप्रीमो ने गेट से ही लौटाया

राहुल गांधी का संदेश लेकर मायावती से मिलने पहुंचे कांग्रेस नेता, बसपा सुप्रीमो ने गेट से ही लौटाया

Johar News Times
3 Min Read

राहुल गांधी के उत्तर प्रदेश दौरे के बीच राज्य की राजनीति में उस समय हलचल तेज हो गई, जब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अचानक मायावती से मुलाकात करने उनके लखनऊ स्थित आवास पहुंच गए। चर्चा है कि कांग्रेस नेताओं के पास राहुल गांधी का कोई विशेष और गोपनीय संदेश था, लेकिन यह मुलाकात हो नहीं सकी। पूर्व निर्धारित समय नहीं होने का हवाला देते हुए बसपा प्रमुख की ओर से नेताओं को आवास के गेट से ही वापस लौटा दिया गया। मायावती के आवास पर पहुंचने वालों में कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम, बाराबंकी से कांग्रेस सांसद तनुज पूनिया और अन्य पदाधिकारी शामिल थे। इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक गलियारों में कांग्रेस और बसपा के संभावित समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

गेट से लौटने के बाद राजेंद्र पाल गौतम ने सोशल मीडिया पर सफाई देते हुए कहा कि वे एक सामाजिक कार्यक्रम के सिलसिले में लखनऊ आए थे और शिष्टाचार मुलाकात के तहत बहनजी का कुशलक्षेम जानने उनके आवास पहुंचे थे। उन्होंने मायावती के प्रशासनिक कार्यकाल की तारीफ करते हुए कहा कि उनके शासनकाल में निर्णायक नेतृत्व और प्रशासनिक क्षमता को सभी वर्गों ने सराहा था। उन्होंने यह भी कहा कि समय नहीं मिल पाने के कारण दोबारा मुलाकात का समय मांगा गया है और जल्द ही भेंट होने की उम्मीद है। हालांकि राजनीतिक सूत्र इस मुलाकात की कोशिश को सिर्फ शिष्टाचार नहीं मान रहे हैं। माना जा रहा है कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस भाजपा विरोधी दलों को एक मंच पर लाने की कोशिश कर रही है। राहुल गांधी की यूपी में मौजूदगी के दौरान कांग्रेस नेताओं का मायावती के घर पहुंचना इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अंशु अवस्थी ने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि प्रदेश और देशहित में सभी विपक्षी दल एक साथ आएं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्षी एकजुटता के कारण भाजपा को उत्तर प्रदेश में कड़ी चुनौती मिली थी। उनके मुताबिक, प्रदेश में बड़ा राजनीतिक बदलाव होने वाला है और भाजपा के खिलाफ कांग्रेस ही मजबूत लड़ाई लड़ सकती है। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम पर कांग्रेस नेतृत्व ने दूरी बनाते हुए इसे नेताओं का व्यक्तिगत फैसला बताया। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि मायावती के आवास पर जाना संबंधित नेताओं का निजी निर्णय था और पार्टी का इससे कोई आधिकारिक संबंध नहीं है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भी इसे व्यक्तिगत मुलाकात का प्रयास बताया।

Share This Article