ग्रामीणों और पुलिस के बीच समन्वय स्थापित करने तथा सुदूरवर्ती इलाकों में सुरक्षा का भरोसा जगाने के लिए चाईबासा पुलिस ने एक बेहतरीन पहल की है। पुलिस अधीक्षक के विशेष दिशा-निर्देश पर मुफ्फसिल थाना प्रभारी ने थाना क्षेत्र के बड़ा गुंटिया पंचायत सचिवालय में एक दिवसीय ‘जनसंवाद कार्यक्रम’ का आयोजन किया।
इस दौरान थाना प्रभारी ने खुद ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी रोज़मर्रा की समस्याओं और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था का जायजा लिया।
- बड़ा गुंटिया पंचायत सचिवालय में पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद।
- गानो सुंडी, कुंडिया हेंब्रम सहित 4 ग्रामीणों की शिकायतों पर CO और SDM को पत्राचार करने का फैसला।
- छोटे-मोटे आपसी विवादों का थाना प्रभारी ने मौके पर ही निपटारा कराया।
- ग्रामीणों को साइबर ठगी, सड़क सुरक्षा और नशा मुक्ति के प्रति किया गया सचेत।
जनसंवाद के दौरान बड़ा गुंटिया गांव के ग्रामीण गानो सुंडी, कुंडिया हेंब्रम, चम्पाई हेंब्रम और लोदो पूरती ने थाना प्रभारी के समक्ष अपनी-अपनी जमीन से जुड़ी गंभीर शिकायतें रखीं। मामलों को गंभीरता से सुनते हुए थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि इन शिकायतों के स्थाई समाधान के लिए पूरे विवरण के साथ मामला अंचलाधिकारी सदर और अनुमंडल दंडाधिकारी को पत्राचार के माध्यम से भेजा जा रहा है। वहीं, कुछ आपसी और हल्के विवादों को दोनों पक्षों की सहमति से मौके पर ही सुलझा लिया गया।
इस मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों ने ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं को वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर क्राइम से बचने के उपाय बताए। पुलिस ने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक ओटीपी या व्यक्तिगत जानकारी न दें।
इसके साथ ही ग्रामीणों को नशा मुक्ति, महिला सशक्तिकरण और सड़क सुरक्षा (हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने) के प्रति जागरूक किया गया। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से अपील की कि गांव में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अवैध शराब की बिक्री होने पर तुरंत इसकी सूचना मुफ्फसिल थाना पुलिस को दें, सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा।
