पोटका प्रखंड के अंतर्गत हाता बिरसा चौक स्थित प्रसिद्ध दुर्गा पूजा मैदान के सौंदर्यीकरण का रास्ता साफ हो गया है। आज मंगलवार को मुख्य अतिथि पोटका विधायक संजीव सरदार और विशिष्ट अतिथि प्रखंड उपप्रमुख उर्मिला सामाद ने संयुक्त रूप से विधि-विधान से पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर लगभग पांच लाख रुपये की लागत से होने वाले पेवर्स ब्लॉक अधिस्थापन कार्य का शिलान्यास किया।
इस विकास कार्य की शुरुआत होने से स्थानीय ग्रामीणों और पूजा समिति के सदस्यों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
- बजट और काम: ₹5 लाख की लागत से पूरे हाता दुर्गा पूजा मैदान में बिछाए जाएंगे पेवर्स ब्लॉक।
- बड़ी राहत: पेवर्स ब्लॉक लगने से अब बरसात के मौसम में होने वाले जलजमाव और कीचड़ से श्रद्धालुओं को मिलेगी मुक्ति।
- आस्था का केंद्र: प्रतिदिन बड़ी संख्या में मां दुर्गा और काली मंदिर पहुंचते हैं भक्त, अब परिसर दिखेगा सुंदर और साफ।
- धार्मिक स्थलों का कायाकल्प: विधायक संजीव सरदार ने कहा- हरिणा मुक्तेश्वर धाम और जादूगोड़ा रंकिनी मंदिर की तरह हर धार्मिक स्थल को संवारेगी सरकार।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि हाता चौक का दुर्गा पूजा मैदान सिर्फ एक मैदान नहीं, बल्कि इस पूरे क्षेत्र की जन-आस्था का एक बड़ा केंद्र है। यहाँ मां दुर्गा और मां काली के मंदिर में हर दिन श्रद्धालुओं की कतार लगती है। इसके अलावा सालों भर कई बड़े धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजन यहाँ होते हैं।
उन्होंने कहा कि बारिश के दिनों में यहाँ कीचड़ के कारण लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। इस योजना के पूरा होते ही मैदान का सौंदर्यीकरण तो होगा ही, साथ ही भक्तों को साफ-सुथरा माहौल भी मिलेगा।
विधायक संजीव सरदार ने आगे कहा कि राज्य की हेमंत सोरेन सरकार झारखंड की संस्कृति और धार्मिक स्थलों के संरक्षण व विकास के लिए पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने बताया कि उन्हीं की अनुशंसा पर पोटका क्षेत्र के ऐतिहासिक मुक्तेश्वर धामऔर सुप्रसिद्ध जादूगोड़ा रंकिनी मंदिर समेत कई बड़े धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है, जिसे जल्द ही पूरा कर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।
इस खास मौके पर प्रखंड उपप्रमुख उर्मिला सामाद, पूजा कमिटी के कृष्णा गोप, मनोज राम, सुब्रत दे, सोमेन मंडल, अमित पाल, महेंद्र सिंह, सतीश सरदार, रंजीत पाल, भानु राणा, तापस मंडल, नरेंद्र कर, मिथुन दे समेत भारी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग और श्रद्धालु उपस्थित थे। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए विधायक का आभार जताया।
