चाईबासा रोड हादसा : टाटा से आ रही मां पार्वती बस की बाइक से सीधी टक्कर, चालक गंभीर घायल

चाईबासा रोड हादसा : टाटा से आ रही मां पार्वती बस की बाइक से सीधी टक्कर, चालक गंभीर घायल

Johar News Times
3 Min Read

चलियामा के कुजू मोड़ पर हुआ भीषण हादसा, बस चालक वाहन छोड़कर फरार

चाईबासा में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, टाटा से चाईबासा आ रही मां पार्वती बस की चलियामा स्थित कुजू मोड़ के पास एक बाइक से आमने-सामने सीधी टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बस के अगले हिस्से के भी परखच्चे उड़ गए। घायल बाइक चालक की हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल पुलिस थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को सड़क से उठाकर सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम उसका इलाज कर रही है। डॉक्टरों के अनुसार युवक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मां पार्वती बस तेज रफ्तार से टाटा से चाईबासा की ओर आ रही थी, जबकि बाइक चालक विपरीत दिशा से चलियामा की ओर जा रहा था। कुजू मोड़ के पास अचानक दोनों वाहनों की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद बाइक चालक सड़क पर दूर जा गिरा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस ने बस जब्त की, चालक की तलाश जारी

हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर थाने ले गई है। पुलिस के अनुसार घायल युवक के पास से कोई पहचान पत्र नहीं मिला है, जिसके कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के थानों को भी सूचना भेजी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार बस चालक की तलाश जारी है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से चलियामा-कुजू मोड़ पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस इलाके में पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं।

ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट पोर्टल न्यूज को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com

Share This Article