चाईबासा: नीट यूजी 2026 परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सफल आयोजन को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेणु की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। जिले में परीक्षा 21 जून 2026 को दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। इसके लिए जिला स्कूल और मांगीलाल रुंगटा उच्च विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां कुल 960 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
उपायुक्त ने अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, बिजली, स्वच्छता समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं, एसपी ने सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने तथा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ रोकने के निर्देश दिए। बैठक में एनटीए के सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को परीक्षा से पहले शहर के लॉज, हॉस्टल और होटलों का निरीक्षण करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन तैयार रखने को कहा गया।
उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता, सुरक्षा और सुचारू संचालन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में उप विकास आयुक्त, डीएसपी मुख्यालय, सदर एसडीपीओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
