रूस में गूंजा भारत का नाम: सुदर्शन पटनायक ने जीता ‘ग्रैंड सैंड मास्टर कप’, ऐसा करने वाले बने पहले भारतीय

रूस में गूंजा भारत का नाम, सुदर्शन पटनायक ने रेत पर रचा नया इतिहास।

Johar News Times
2 Min Read

विश्व प्रसिद्ध भारतीय रेत कलाकार और पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित सुदर्शन पटनायक ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का परचम लहराया है। सुदर्शन पटनायक ने रूस में आयोजित प्रतिष्ठित ‘ग्रैंड सैंड मास्टर कप 2026’ जीतकर एक नया इतिहास रच दिया है। वे इस वैश्विक सम्मान को पाने वाले पहले भारतीय कलाकार बन गए हैं।

जलवायु परिवर्तन पर आधारित थी कलाकृति

यह प्रतियोगिता रूस के कालिनिनग्राद क्षेत्र में आयोजित ‘द्वितीय अंतरराष्ट्रीय रेत मूर्तिकला महोत्सव’ के तहत आयोजित की गई थी। सुदर्शन पटनायक को उनकी ‘जलवायु परिवर्तन और उसके वैश्विक प्रभावों’ पर आधारित शानदार रेत मूर्तिकला के लिए सर्वोच्च पुरस्कार से नवाजा गया। उनकी इस कलाकृति ने न केवल जजों का दिल जीता, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और वैश्विक जलवायु संकट के प्रति दुनिया को एक सशक्त संदेश भी दिया।

यह मेरे और पूरे भारत के लिए बेहद गौरवपूर्ण क्षण है। मैं हमेशा अपनी कला के माध्यम से समाज को एक संदेश देने का प्रयास करता हूँ। आज के समय में कला के जरिए लोगों को पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूक करना सबसे बड़ी जरूरत है। — सुदर्शन पटनायक

भारत का बढ़ाया मान

जीत के बाद पटनायक ने इस बड़ी उपलब्धि के लिए प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल , आयोजन समिति और अपने सभी समर्थकों का आभार व्यक्त किया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ सुदर्शन पटनायक ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भारतीय कला और संस्कृति का लोहा पूरी दुनिया मानती है।

Share This Article