सरायकेला-खरसावां : जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी संचालन और उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुचाई के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी (MOIC) डॉ. सुजीत कुमार मुर्मू को प्रथम पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने जिला समाहरणालय सरायकेला में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।
डॉ. सुजीत कुमार मुर्मू को स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर संचालन के साथ-साथ आयुष्मान भारत योजना के तहत आयोजित विशेष शिविरों में आयुष्मान कार्ड निर्माण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए यह सम्मान दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि कुचाई सीएचसी ने स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन और आम लोगों तक सुविधाएं पहुंचाने में बेहतर कार्य किया है।
वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ईचागढ़ के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी (MOIC) डॉ. हरेंद्र मुंडा को द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। जिले के सिविल सर्जन डॉ. सरजू प्रसाद सिंह ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने जिले के सभी स्वास्थ्य पदाधिकारियों को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आमजनों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी स्वास्थ्य कर्मियों को समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए।
