जमशेदपुर: शहर में साइबर ठगों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालूबासा स्थित एसबीआई एटीएम का है, जहां एक व्यक्ति को मदद के नाम पर झांसा देकर उसके खाते से 47,800 रुपये की ठगी कर ली गई। मामले को लेकर पीड़ित ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
कार्ड फंसने पर ठग ने दिया मदद का झांसा
जानकारी के अनुसार, रेडियो मैदान निवासी कामता प्रसाद शनिवार को एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया। मौके पर मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को मददगार बताते हुए उन्हें बैंक शाखा में शिकायत करने की सलाह दी। कामता प्रसाद जैसे ही बैंक की ओर बढ़े, उनके मोबाइल पर खाते से रुपये निकाले जाने के संदेश आने लगे। जब तक वे स्थिति समझ पाते, शातिर ठग उनके खाते से 47,800 रुपये निकाल चुका था।
संदिग्धों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद सीतारामडेरा पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने एटीएम और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही ठगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में एटीएम सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
