दनुआ घाटी में फिर भीषण हादसा, आपस में टकराईं 6 गाड़ियां

दनुआ घाटी में फिर भीषण हादसा, आपस में टकराईं 6 गाड़ियां

Johar News Times
3 Min Read

आधी रात मची अफरा-तफरी, कई लोग घायल, 3 घंटे तक ठप रहा जीटी रोड

हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र स्थित दनुआ घाटी में रविवार देर रात करीब 11 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। ‘मौत की घाटी’ के नाम से कुख्यात इस इलाके में आधा दर्जन वाहन आपस में टकरा गए, जिससे घाटी क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कई लोग घायल हो गए, जबकि कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

- Advertisement -
Ad image

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एक वाहन सड़क किनारे पलट गया, जबकि कई अन्य गाड़ियों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सभी वाहन झारखंड से बिहार की ओर जा रहे थे।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार और घाटी क्षेत्र में वाहनों का अत्यधिक दबाव माना जा रहा है। दुर्घटना के बाद जीटी रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। वहीं चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार और चेक पोस्ट प्रभारी नीतीन कुमार भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

- Advertisement -
Ad image

क्षतिग्रस्त वाहनों से निकाले गए घायल

पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक अस्पताल चौपारण भेजा गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।

3 से 4 घंटे बाद सामान्य हुआ यातायात

- Advertisement -
Ad image

चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि हादसे में किसी की मौत की सूचना नहीं है, लेकिन कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। कुछ लोगों को मामूली चोटें भी आई हैं।

पुलिस ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। करीब तीन से चार घंटे तक यातायात बाधित रहने के बाद जीटी रोड पर वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share This Article