हजारीबाग में शिक्षा विभाग का अपना सभागार (ऑडिटोरियम) बनने जा रहा है, जिसमें 200 से अधिक शिक्षकों के एक साथ बैठने की व्यवस्था होगी। अभी तक सभागार नहीं होने के कारण प्रशिक्षण और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में परेशानी होती थी।
22 अप्रैल से निर्माण शुरू
सभागार का निर्माण 22 अप्रैल से शुरू कर दिया गया है। शहर के झील रोड स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) परिसर में यह भवन बनेगा। इसके निर्माण पर करीब 4.94 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिसकी जिम्मेदारी झारखंड एजुकेशन प्रोजेक्ट काउंसिल को दी गई है।
एक वर्ष में होगा तैयार
एक वर्ष के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें बड़ा सभागार, दो प्रशिक्षण कक्ष और स्टाफ क्वार्टर शामिल होंगे। इसका लाभ हजारीबाग के साथ-साथ चतरा, कोडरमा और रामगढ़ जिले के शिक्षकों को भी मिलेगा। अभी प्रशिक्षण के लिए शिक्षकों को रांची जाना पड़ता है, लेकिन सभागार बनने के बाद यह सुविधा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होगी।
नई शिक्षा नीति में होगा सहायक
जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण रंजन ने बताया कि नई शिक्षा नीति के तहत शिक्षकों का प्रशिक्षण अनिवार्य किया गया है। ऐसे में यह सभागार प्रशिक्षण और डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।










